11 पंचायतों और 3 नगर निकायों में लगे शिविर, पहले दिन 2239 आवेदन प्राप्त
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले की 11 पंचायतों तथा जेएनएसी, जुगसलाई नगरपालिका और मानगो नगर निगम क्षेत्र में ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ के तहत आज शिविर आयोजित किए गए। बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी नागरिक पहुंचे।
विधायक समीर मोहंती, मंगल कालिंदी और संजीव सरदार ने शिविरों में पहुँचकर लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया और अधिक से अधिक लोगों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
शिविरों के पश्चात उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने बीडीओ–सीओ एवं वरीय पदाधिकारियों के साथ वर्चुअल समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि राइट टू सर्विस अंतर्गत सभी आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित हो और जिला स्तरीय पदाधिकारी प्रतिदिन किसी न किसी कैंप में अवश्य शामिल हों।
पहले दिन कुल 2239 आवेदन दर्ज
ग्रामीण क्षेत्रों से 2037 तथा शहरी क्षेत्रों से 202 आवेदन मिले।
सेवाओं में—जाति प्रमाण पत्र (78), नया राशन कार्ड (62), स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र (53), आय प्रमाण पत्र (53), जन्म प्रमाण पत्र (11), विधवा पेंशन (10), भूमि मापी (2), मृत्यु प्रमाण पत्र (2), भूमि धारण प्रमाण पत्र (3), दाखिल–खारिज (8), दिव्यांग पेंशन (1), वृद्धा पेंशन (167) तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित 1665 आवेदन शामिल रहे। शिविरों में नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से सप्ताह की सफल शुरुआत हुई।

