सांसद आदित्य साहू के बयान पर भड़के विक्टर सोरेन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
घाटशिला : राज्यसभा सांसद आदित्य साहू द्वारा कुख्यात अपराधी सूर्या हांसदा को “हीरो” बताने वाले बयान पर स्व. रामदास सोरेन के भतीजे और झामुमो युवा नेता विक्टर सोरेन ने कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि घाटशिला की जनता और स्व. रामदास सोरेन जैसे तपे हुए नेता का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

विक्टर ने सवाल उठाया कि जिस सूर्या हांसदा पर हत्या, अपहरण, रंगदारी और आगजनी के 32 से अधिक मामले दर्ज हों, क्या ऐसे अपराधी को घाटशिला का प्रतीक बताया जा सकता है? उन्होंने कहा कि स्व. रामदास सोरेन तीन बार विधायक और दो बार मंत्री रहे, जिन्होंने क्षेत्र में सड़क, स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र और विश्वविद्यालय जैसी हजारों करोड़ की विकास योजनाएं दीं।

उन्होंने मांग की कि सांसद आदित्य साहू को घाटशिला की जनता से तुरंत माफी मांगनी चाहिए, अन्यथा आने वाले उपचुनाव में जनता मुंहतोड़ जवाब देगी।

