गिरिडीह में युवक की पीट-पीटकर हत्या, 8-10 लोगों पर हमला करने का आरोप
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गिरिडीह। गिरिडीह-डुमरी मार्ग स्थित बंदरकुप्पी के प्रसिद्ध मैगी पॉइंट के पास गुरुवार रात करीब 11 बजे 24 वर्षीय ऋतिक यादव उर्फ बड्डी यादव की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक मुफस्सिल थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर (बभनटोली) का निवासी था और उसके पिता झारखंड पुलिस में एएसआई के पद पर बोकारो के चतरोचट्टी थाना में पदस्थापित हैं।
मृतक के साथी शुभम दास के अनुसार, वह राजा गुप्ता और ऋतिक के साथ कार से मैगी पॉइंट पहुंचे थे। इसी दौरान नावाडीह निवासी सतीश यादव कथित तौर पर 8-10 साथियों के साथ वहां पहुंचा और तीनों पर हमला कर दिया। आरोप है कि पहले मुक्कों से मारपीट की गई, फिर बांस की फराठी से ऋतिक की पिटाई की गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर मुफस्सिल पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। कुछ लोगों को हिरासत में लिए जाने की भी सूचना है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

