गांधी घाट के पास 18 चक्का ट्रेलर पलटा, बड़ा हादसा टला
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। साकची थाना क्षेत्र के गांधी घाट के समीप गुरुवार देर रात एक 18 चक्का ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई।
वाहन मालिक के अनुसार, ट्रेलर टाटा रायसन कंपनी से माल लेकर हरियाणा के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान लिट्टी चौक के पास दो बाइक सवार युवकों ने ट्रेलर को रोकने का प्रयास किया। बताया जाता है कि उनसे बचकर निकलने के दौरान चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ाई। इसी क्रम में गांधी पार्क के समीप चालक का ट्रेलर से नियंत्रण हट गया और भारी वाहन सड़क पर पलट गया।
गनीमत रही कि घटना के समय आसपास कोई अन्य वाहन या व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर को हटाने तथा यातायात सामान्य करने की कार्रवाई शुरू की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

