मेरठ. उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में पति-पत्नी के आपसी विवाद ने एक खौफनाक रूप ले लिया। थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र के समर गार्डन में घरेलू कलह के दौरान एक महिला ने अपने पति को नशीला पदार्थ देकर अचेत कर दिया और उसके बाद चाकू से उसका गुप्तांग काटकर अलग करने का प्रयास किया.
घटना के बाद पीडि़त युवक का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें वह अपनी आपबीती बयां करता नजर आ रहा है. सूचना मिलते ही लिसाड़ी गेट थाना पुलिस हरकत में आई और आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया.
फोन पर बात करने को लेकर होता था विवाद
पुलिस और परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दंपति के बीच काफी समय से तनाव चल रहा था. पीडि़त की पहचान नदीम (उर्फ जैद) के रूप में हुई है, जो कपड़े पर छपाई (टेक्सटाइल प्रिंटिंग) का काम करता है. नदीम का निकाह लगभग सात वर्ष पूर्व तारापुरी निवासी शबनम से हुआ था। दोनों की कोई संतान नहीं है. परिजनों के अनुसार, पति द्वारा पत्नी के अन्य व्यक्तियों से फोन पर लंबी बातचीत करने को लेकर अक्सर ऐतराज जताया जाता था, जिसको लेकर दोनों में आए दिन तीखी तकरार होती थी. वहीं महिला भी पति पर शक करती थी. बुधवार, 7 अक्टूबर की रात को भी दोनों के बीच इसी मुद्दे पर कहासुनी हुई. आरोप है कि इसके बाद शबनम ने योजनाबद्ध तरीके से कॉफी में कोई नशीला या नींद का पदार्थ मिलाकर नदीम को पिला दिया.
कमरे से भाग निकली आरोपी
कुछ देर बाद जब नदीम को दर्द और होश का अहसास हुआ, तो उसने जोर-जोर से चीखना शुरू किया. आवाज सुनकर पास के कमरे में सो रहीं उसकी मां और बहन मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक शबनम घर से फरार हो चुकी थी. अत्यधिक खून बहने के कारण परिजन और पड़ोसी तुरंत नदीम को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे. चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत इमरजेंसी सर्जरी की. डॉक्टरों का कहना है कि अत्यधिक रक्तस्राव के कारण युवक की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपी महिला गिरफ्तार
सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया, 8 अक्टूबर को समर गार्डन निवासी शबनम ने घरेलू विवाद और शक के चलते अपने पति नदीम के गुप्तांग पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था. आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है.

