Close Menu
Rashtra SamvadRashtra Samvad
    Facebook X (Twitter) Instagram
    Rashtra SamvadRashtra Samvad
    • होम
    • राष्ट्रीय
    • अन्तर्राष्ट्रीय
    • राज्यों से
      • झारखंड
      • बिहार
      • उत्तर प्रदेश
      • ओड़िशा
    • संपादकीय
      • मेहमान का पन्ना
      • साहित्य
      • खबरीलाल
    • खेल
    • वीडियो
    • ईपेपर
    Topics:
    • रांची
    • जमशेदपुर
    • चाईबासा
    • सरायकेला-खरसावां
    • धनबाद
    • हजारीबाग
    • जामताड़ा
    Rashtra SamvadRashtra Samvad
    • रांची
    • जमशेदपुर
    • चाईबासा
    • सरायकेला-खरसावां
    • धनबाद
    • हजारीबाग
    • जामताड़ा
    Home » नाना पाटेकर का जाना, जैसे अभिनय की एक जीवंत किताब का बंद हो जाना
    Breaking News Headlines राष्ट्रीय

    नाना पाटेकर का जाना, जैसे अभिनय की एक जीवंत किताब का बंद हो जाना

    News DeskBy News DeskOctober 9, 2026No Comments31 Mins Read
    Share Facebook Twitter Telegram WhatsApp Copy Link
    Share
    Facebook Twitter Telegram WhatsApp Copy Link

    कुछ कलाकारों से मुलाकातें कैलेंडर की तारीखों में दर्ज होकर रह जाती हैं, लेकिन कुछ मुलाकातें समय बीत जाने के बाद भी मन के किसी कोने में ठहरी रहती हैं. नाना पाटेकर से हुई मेरी मुलाकातें भी ऐसी ही स्मृतियों में शामिल हैं. 1989 में ‘परिंदा’ की रिलीज के बाद उनसे पहली मुलाकात हुई थी. उसके बाद ‘क्रांतिवीर’, ‘अपहरण’ और ‘राजनीति’ के दौरान गाहे-बगाहे उनसे मिलना होता रहा. उनकी वेब सीरीज ‘संकल्प’ के बाद भी एक छोटी-सी मुलाकात हुई, लेकिन उस बार विस्तार से बातचीत का अवसर नहीं मिल पाया. तब शायद यह अंदाजा भी नहीं था कि ये छोटी-छोटी मुलाकातें एक दिन इतनी दूर की स्मृतियां बन जाएंगी. आज उनके आकस्मिक निधन की खबर ने जैसे उन सभी पलों पर जमी समय की धूल हटा दी है. चेहरे, आवाज, बातचीत के छोटे-छोटे अंश और उनसे जुड़ी तमाम छवियां अचानक जेहन में उमड़ आई हैं. कुछ लोग चले जाते हैं तो उनके साथ केवल एक व्यक्ति नहीं जाता, उनके साथ हमारे जीवन का एक छोटा-सा समय भी विदा होता है. नाना पाटेकर का जाना मेरे लिए ऐसी ही एक स्मृति का अचानक मौन हो जाना है.

    दरअसल, नाना का अभिनय भी उनकी जिंदगी की तरह किसी एक रंग में नहीं था. उसमें जीवन की खुरदरी जमीन थी, भूख और संघर्ष की स्मृतियां थीं, मनुष्य की कमजोरियों को देखने वाली तीखी दृष्टि थी और अन्याय के सामने भीतर से उठता हुआ आक्रोश था.

    उनका चेहरा पारंपरिक अर्थों में नायक का चेहरा नहीं था, उनकी आवाज भी नायक की रूमानियत से अधिक एक बेचैन आदमी की आवाज थी, लेकिन यही उनकी सबसे बड़ी ताकत बनी. वह कैमरे के सामने आते थे तो लगता था कि कोई अभिनेता नहीं, बल्कि जिंदगी का कोई ऐसा किरदार हमारे सामने आ गया है जिसे हम पहचानते हैं, जिससे हम डरते हैं, जिससे कभी-कभी असहमत होते हैं और फिर भी उसमें हम अपनी छवि देखते हैं. आज भारतीय सिनेमा ने केवल एक अभिनेता नहीं खोया, बल्कि अभिनय की एक ऐसी विशिष्ट परंपरा का प्रतिनिधि खो दिया जिसमें रंगमंच की अनुशासनप्रियता, जीवन के संघर्ष की तपिश और कैमरे के सामने तत्काल रिएक्ट करने की दुर्लभ क्षमता एक साथ दिखाई देती थी. उनके निधन की खबर ने हिंदी और मराठी सिनेमा को गहरे शोक में डुबो दिया.

    प्राप्त जानकारी के अनुसार गोवा स्थित उनके आवास पर उन्हें गंभीर कार्डियक अरेस्ट आया और अस्पताल ले जाने के बाद चिकित्सक उन्हें बचा नहीं सके.नाना पाटेकर का जाना इसलिए भी एक युग के समाप्त होने जैसा है क्योंकि वह उन कलाकारों में थे जिन्होंने स्टारडम को अभिनय का पर्याय बनने नहीं दिया. उन्होंने लोकप्रियता हासिल की, बड़े बजट की फिल्मों में काम किया, खलनायक बने, नायक बने, चरित्र अभिनेता बने, हास्य अभिनेता बने, निर्देशक बने, लेकिन उनकी सबसे बड़ी पहचान हमेशा अभिनेता की ही रही. वह किसी एक इमेज विशेष में कैद नहीं हुए. ‘परिंदा’ का खतरनाक अन्ना, ‘क्रांतिवीर’ का विद्रोही प्रताप नारायण तिलक, ‘तिरंगा’ का तेजतर्रार पुलिस अधिकारी, ‘अब तक छप्पन’ का सख्त पुलिस इंस्पेक्टर, ‘खामोशी’ का संवेदनशील पिता और ‘वेलकम’ का हास्य से भरा उदय शेट्टी इन सबके बीच अभिनेता एक ही था, लेकिन हर किरदार का संसार अलग था और यही किसी बड़े अभिनेता की पहचान है.

    नाना पाटेकर का जन्म विश्वनाथ पाटेकर के रूप में महाराष्ट्र में हुआ. आर्थिक कठिनाइयों से भरा उनका बचपन उनकी संवेदना और उनके व्यक्तित्व के निर्माण में निर्णायक रहा. वे अपने संघर्षपूर्ण दिनों, किशोरावस्था में काम करने की मजबूरी और अभावों की उन स्मृतियों का उल्लेख करने में बिलकुल संकोच नहीं करते थे क्योंकि जिन्हें वह उसे अपने व्यक्तित्व का अभिन्न हिस्सा मानते थे.

    उनका जीवन उन कहानियों में से नहीं था जिनमें कोई व्यक्ति अचानक फिल्मी दुनिया में आता है और सितारा बन जाता है. नाना ने संघर्ष को देखा था, उसे भोगा था और शायद इसी कारण वह अभिनय को केवल पेशा नहीं मानते थे बल्कि उनके भीतर जिंदगी को देखने की एक बेचैन दृष्टि थी. वह आदमी की कमजोरी, उसकी हिंसा, उसकी लाचारी, उसकी महत्वाकांक्षा और उसके भीतर छिपे प्रेम को एक साथ देख सकते थे. यही वजह है कि उनके खलनायक भी केवल खलनायक नहीं होते थे और उनके नायक भी केवल आदर्शवादी नायक नहीं होते थे और उनके किरदारों में आम आदमी की जटिलता होती थी.नाना पाटेकर की अभिनय यात्रा को समझने के लिए रंगमंच की उनकी पृष्ठभूमि को समझना जरूरी है. रंगमंच ने उन्हें सिर्फ संवाद अदायगी ही नहीं सिखाई बल्कि संवाद के पीछे की चुप्पी को समझना भी सिखाया. रंगमंच अभिनेता को शरीर, आवाज, लय और दर्शक के साथ सीधा रिश्ता बनाना सिखाता है. नाना ने इस प्रशिक्षण को सिनेमा में अपने ढंग से इस्तेमाल किया. उनके अभिनय में थिएटर की ऊर्जा थी, लेकिन वह कैमरे की मांग को भी समझते थे. वह जानते थे कि क्लोज-अप में आंखों की मामूली हरकत भी संवाद का काम कर सकती है. शायद इसीलिए उनकी आंखें उनके अभिनय का उतना ही महत्वपूर्ण हिस्सा थीं जितनी उनकी आवाज.

    1978 की ‘गमन’ से उनका फिल्मी सफर शुरू हुआ. बाद के वर्षों में ‘अंकुश’, ‘प्रतिघात’, ‘परिंदा’ जैसी फिल्मों ने उनकी प्रतिभा को अलग-अलग रूपों में सामने रखा. ‘गमन’ से लेकर आगे की यात्रा बताती है कि नाना पाटेकर मुख्यधारा के चमकदार सिनेमा में प्रवेश करने से पहले ही अपने लिए एक अलग अभिनय-भाषा तैयार कर चुके थे.

    ‘अंकुश’ में उनका आक्रोश उस दौर के सामाजिक यथार्थ से जुड़ता है. यह वह समय था जब हिंदी सिनेमा में व्यवस्था से मोहभंग, बेरोजगारी, अपराध, भ्रष्टाचार और शहरी हाशिए का जीवन नए ढंग से दिखाई देने लगा था. नाना उस सिनेमाई परिवर्तन के लिए लगभग स्वाभाविक अभिनेता थे. उनके चेहरे पर सजावटी भाव नहीं थे. उनके चेहरे पर जीवन का तनाव दिखाई देता था. वह गुस्सा करते थे तो लगता था कि कोई संवाद बोलने के लिए गुस्सा नहीं कर रहा, बल्कि वास्तव में किसी अन्याय से परेशान है.

    नाना के अभिनय की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता उनकी ‘सच्चाई’ थी. यह सच्चाई हमेशा सहज नहीं होती थी. कभी-कभी वह असहज करती थी. उनके पात्र दर्शक को आराम नहीं देते थे. वह दर्शक से सवाल करते थे. उनके संवादों में आक्रोश था, लेकिन वह आक्रोश केवल व्यक्तिगत प्रतिशोध का नहीं था. एक बार जावेद अख्तर साहब ने नाना के गुस्से की तुलना अमिताभ बच्चन के गुस्से से करते हुए यह अंतर बताया था कि बच्चन के आक्रोश में ‘मेरे साथ ऐसा क्यों हुआ’ का भाव अधिक होता था, जबकि नाना के आक्रोश में ‘दुनिया के साथ ऐसा क्यों हो रहा है’ जैसी व्यापक बेचैनी होती थी और यही अंतर नाना पाटेकर को विशिष्ट बनाता है

    उनका गुस्सा अभिनय की तकनीक नहीं था ,वह उनके व्यक्तित्व का हिस्सा लगता था लेकिन यहां एक सूक्ष्म अंतर है. एक महान अभिनेता अपने निजी स्वभाव को ज्यों का त्यों पर्दे पर नहीं लाता; वह अपने अनुभवों को किरदार की जरूरत के मुताबिक ढालता है. नाना यही करते थे उनके भीतर की ऊर्जा इतनी तीव्र थी कि वह अलग-अलग किरदारों में अलग-अलग रूप ग्रहण कर लेती थी.’परिंदा’ में यह ऊर्जा भय बन जाती है. विधु विनोद चोपड़ा की इस फिल्म में नाना पाटेकर ने अन्ना का किरदार निभाया. अन्ना का संसार अपराध का संसार था, लेकिन नाना ने उसे केवल हिंसक खलनायक नहीं बनाया. उसके भीतर असुरक्षा थी, सनक थी, सत्ता की भूख थी और एक विचित्र किस्म का भावनात्मक अंधापन भी था. यही कारण है कि अन्ना हिंदी सिनेमा के यादगार खलनायकों में शामिल हुआ. ‘परिंदा’ के लिए नाना को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला और उनके अभिनय ने यह साबित किया कि खलनायक भी फिल्म का भावनात्मक केंद्र बन सकता है.

    ‘परिंदा’ में नाना का अभिनय हमें यह समझाता है कि भय पैदा करने के लिए अभिनेता को लगातार चिल्लाने की जरूरत नहीं होती. कई बार शांत चेहरा, धीमी आवाज और अचानक बदलती आंखें ज्यादा भयावह होती हैं. नाना इस कला के उस्ताद थे. वह आवाज को केवल संवाद बोलने का माध्यम नहीं बनाते थे. उनकी आवाज में तापमान बदलता था. कभी वह लगभग फुसफुसाहट में बोलते और दृश्य का तनाव बढ़ जाता. कभी अचानक आवाज ऊपर जाती और पूरा दृश्य फट पड़ता.

    उनकी आवाज स्वयं में एक अभिनय-उपकरण थी

    नाना पाटेकर की संवाद अदायगी पर बहुत कुछ कहा गया है, लेकिन उनके संवादों की ताकत केवल उनकी आवाज में नहीं थी. वह शब्दों के बीच की जगह को भी अभिनय का हिस्सा बना देते थे. वह वाक्य को केवल पूरा नहीं करते थे, उसे जीते थे. उनकी बोलने की शैली में विराम, गति और अचानक आने वाला विस्फोट सब कुछ किरदार के मनोविज्ञान से जुड़ा होता था.उनके संवादों को याद करने वाले दर्शकों की संख्या बहुत बड़ी है, लेकिन उनके अभिनय की वास्तविक ताकत उन संवादों से बाहर भी थी. यदि नाना को केवल ‘दमदार डायलॉग’ वाला अभिनेता कहा जाए तो यह उनके साथ अन्याय होगा. वह उन अभिनेताओं में थे जिनका चेहरा बोलने से पहले ही दृश्य का अर्थ बदल देता था.

    ‘क्रांतिवीर’ इसका एक और उदाहरण है. प्रताप नारायण तिलक के रूप में नाना ने एक ऐसे व्यक्ति का चरित्र निभाया जो व्यवस्था से लड़ते-लड़ते स्वयं व्यवस्था की नैतिकता पर सवाल बन जाता है. यह भूमिका उनके व्यक्तित्व की ऊर्जा के अनुकूल थी, लेकिन केवल ऊर्जा से यह भूमिका सफल नहीं हो सकती थी. इसमें वैचारिक आवेग भी चाहिए था. नाना ने उस पात्र को भाषण देने वाला व्यक्ति नहीं बनाया; उन्होंने उसे आहत, बेचैन और संघर्षशील मनुष्य बनाया. इस भूमिका के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला.

    नाना की अभिनय-यात्रा में पुरस्कारों का महत्व है, लेकिन उनकी असली उपलब्धि पुरस्कारों से कहीं बड़ी है. उन्हें तीन बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, चार बार फिल्म फेयर अवार्ड, दो बार महाराष्ट्र राज्य फिल्म अवार्ड, एक बार मराठी फिल्म फेयर अवार्ड से सम्मानित किया गया और 2013 में पद्मश्री से भी अलंकृत किया गया. लेकिन किसी कलाकार का मूल्य केवल उसके पुरस्कारों से तय नहीं होता. नाना का मूल्य इस बात से तय होता है कि उन्होंने भारतीय सिनेमा में अभिनेता की परिभाषा को कितना विस्तृत किया.

    उन्होंने साबित किया कि नायक होने के लिए परंपरागत रूप से सुंदर होना जरूरी नहीं है. उन्होंने साबित किया कि अभिनेता को दर्शक का मनोरंजन करने के साथ-साथ उसे बेचैन भी करना चाहिए. उन्होंने यह भी दिखाया कि हास्य और गंभीरता एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं.

    ‘वेलकम’ में उदय शेट्टी इसका सबसे लोकप्रिय उदाहरण है.

    ‘वेलकम’ में वही नाना पाटेकर हैं जिनसे दर्शक ‘परिंदा’ में डर चुका था और ‘क्रांतिवीर’ में व्यवस्था के खिलाफ आवाज सुन चुका था. लेकिन यहां वह हास्य का केंद्र बन जाते हैं. उदय शेट्टी का किरदार जिस तरह से संवाद बोलता है, जिस तरह से चेहरे के भाव बदलता है और जिस तरह से परिस्थितियों पर प्रतिक्रिया करता है, उसमें नाना की कॉमिक टाइमिंग दिखाई देती है. यह भूमिका युवा दर्शकों के बीच इतनी लोकप्रिय हुई कि एक नई पीढ़ी ने नाना को केवल गंभीर अभिनेता के रूप में नहीं, बल्कि कॉमेडी के बड़े कलाकार के रूप में भी पहचाना.

    यहां नाना की सबसे बड़ी उपलब्धि यह थी कि उन्होंने हास्य को कभी ‘मजाक करने’ तक सीमित नहीं किया. उदय शेट्टी हास्यास्पद परिस्थितियों में फंसा एक गंभीर आदमी है. वह स्वयं अपने को हास्यास्पद नहीं मानता. यही स्थिति हास्य पैदा करती है. नाना ने इस बारीकी को पकड़ा. उनके चेहरे पर गंभीरता बनी रहती है और वही गंभीरता हास्य का कारण बनती है दरअसल
    यह अभिनय की परिपक्वता थी.नाना पाटेकर की बहुमुखी प्रतिभा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने अपराधी, पुलिस अधिकारी, विद्रोही, सैनिक, पिता, पति, सामाजिक रूप से आहत व्यक्ति, मानसिक रूप से विचलित चरित्र, हास्य चरित्र और साधारण आदमी के किरदार को अपने ढंग से निभाया. ‘तिरंगा’, ‘अग्निसाक्षी’, ‘खामोशी: द म्यूजिकल’, ‘यशवंत’, ‘अब तक छप्पन’, ‘अपहरण’, ‘राजनीति’, ‘नटसम्राट’ और अनेक अन्य फिल्मों में उनकी अभिनय-यात्रा के अलग-अलग रंग दिखाई देते हैं. फिल्म ‘खामोशी’ में उनका अभिनय उनकी संवेदनशीलता का एक अलग पक्ष सामने लाता है. संजय लीला भंसाली की इस फिल्म में वह एक ऐसे पिता की भूमिका में थे जिसके संसार में बेटी की आवाज, उसकी खुशी और उसके भविष्य का प्रश्न सबसे महत्वपूर्ण हो जाता है. यहां नाना की तीखी ऊर्जा भीतर की पीड़ा में बदल जाती है. उनके चेहरे पर बहुत कुछ घटता है, लेकिन हर बात शब्दों में नहीं आती.

    यही उनकी अभिनय-शैली का दूसरा महत्वपूर्ण पक्ष था अर्थात संयम. यह बात भी कम आश्चर्य जनक नहीं थी कि जिस अभिनेता को आम तौर पर उसके विस्फोटक संवादों के लिए याद किया जाता है, उसके भीतर असाधारण चुप्पी भी थी. नाना जानते थे कि कब बोलना है और कब नहीं बोलना. उनके कई दृश्यों में उनकी चुप्पी संवाद से अधिक प्रभावशाली होती थी. कहते हैं अभिनय का अर्थ केवल भाव व्यक्त करना नहीं, भाव को रोकना भी है और नाना इस कला को जानते थे. फिल्म ‘अब तक छप्पन’ में पुलिस अधिकारी साधु आगाशे की भूमिका ने उनके अभिनय को एक और आयाम दिया. यह पात्र हिंसा के पेशेवर संसार में जीता है, लेकिन उसकी थकान और उसकी नैतिक दुविधाएं भी हैं. नाना ने पुलिस अधिकारी को केवल ‘सख्त पुलिस वाला’ नहीं बनाया.

    उन्होंने उसकी मनःस्थिति में पेशे की कठोरता और निजी मनुष्य के बीच का संघर्ष दिखाया. इस तरह के किरदार उनके लिए विशेष रूप से उपयुक्त थे क्योंकि उनके चेहरे पर कठोरता और संवेदनशीलता दोनों एक साथ दिखाई दे सकती थीं.‘अपहरण’ और ‘राजनीति’ जैसी फिल्मों में भी उन्होंने सत्ता, अपराध और राजनीति के संसार में अपने लिए अलग जगह बनाई. उनकी उपस्थिति कई बार फिल्म के नायक से अधिक प्रभावशाली हो जाती थी. यह स्टारडम की वजह से नहीं, अभिनय की आंतरिक शक्ति के कारण होता था.

    नाना का एक और महत्वपूर्ण पक्ष था मराठी रंगमंच और मराठी सिनेमा से उनका रिश्ता. उन्होंने अपने मूल सांस्कृतिक परिवेश को कभी पीछे नहीं छोड़ा. उनकी पहचान हिंदी सिनेमा में जितनी मजबूत हुई, मराठी दर्शकों के बीच भी वह उतने ही महत्वपूर्ण बने रहे. ‘नटसम्राट’ इसका चरम उदाहरण है. इस फिल्म में उन्होंने रंगमंच से जीवन की ओर और जीवन से रंगमंच की ओर लौटते हुए एक ऐसे कलाकार की त्रासदी को जीवंत किया जिसके लिए अभिनय ही उसका जीवन था.’नटसम्राट’ में नाना पाटेकर का अभिनय उनके लंबे करियर का एक तरह से आत्म-संवाद भी प्रतीत होता है. रंगमंच से निकले अभिनेता का रंगमंच पर लौटना और वृद्ध कलाकार की भूमिका निभाना केवल अभिनय नहीं था; उसमें उनके अपने कलात्मक जीवन की प्रतिध्वनियां भी सुनाई देती थीं. फिल्म ने उन्हें मराठी दर्शकों के बीच फिर से एक बड़े सांस्कृतिक प्रतीक के रूप में स्थापित किया.

    नाना पाटेकर की अभिनय-शैली को अगर किसी एक शब्द में समेटना हो तो वह शब्द शायद ‘तीव्रता’ होगा. लेकिन केवल तीव्रता कहना भी अधूरा होगा उनकी तीव्रता के भीतर तीन चीजें लगातार काम करती थी यथा अनुभव, ऑब्जरवेशन और सही समय पर रिएक्ट करना.

    वह किरदार को बाहर से नहीं पकड़ते थे बल्कि उसके भीतर जाने की कोशिश करते थे. उनके सह-अभिनेताओं के अनुभवों में यह बात सामने आती रही है कि वे किरदार में बहुत गहराई तक उतर जाते थे. कहते हैं कि अभिनय करते हुए कभी-कभी उनके लिए जीवन और फिल्म के बीच की सीमा धुंधली हो जाती थी. एक भूमिका के प्रभाव से तो उन्होंने मनोचिकित्सक से मिलने की बात भी स्वीकार की थी.

    यह बात उनके अभिनय की शक्ति और उसके खतरे दोनों को सामने लाती है. अभिनेता जब चरित्र में पूरी तरह उतरता है तो वह भूमिका दर्शक को वास्तविक लगती है. लेकिन यदि वह उससे बाहर न निकल पाए तो वही प्रक्रिया उसके लिए कठिन हो सकती है. नाना का अभिनय कई बार इसी सीमा पर चलता था.

    नाना की आंखों की चर्चा किए बिना उनके अभिनय की चर्चा अधूरी रहेगी. उनकी आंखों में एक अजीब किस्म की बेचैनी थी. वह आंखें केवल भाव व्यक्त नहीं करती थीं, सामने वाले को चुनौती भी देती थीं. जब वह गुस्से में होते थे तो आंखों में आक्रोश आता था, लेकिन जब वह कमजोर होते थे तो उसी आंख में एक असहाय मनुष्य दिखाई देने लगता था. निर्देशक एन. चंद्रा ने एक बार उनकी आंखों की ‘सच्चाई और तीव्रता’ के साथ उनमें मौजूद मासूमियत का जिक्र भी किया था. डिंपल कपाड़िया ने भी उनकी ऊर्जा को रेखांकित किया था, जबकि सीमा बिस्वास ने उनके अभिनय की अवस्था को लगभग ‘तन्मयता’ की संज्ञा दी थी और यही विरोधाभास नाना को बड़ा अभिनेता बनाता था.

    वह कठोर भी थे और संवेदनशील भी. वह आक्रामक भी थे और भीतर से बेहद भावुक भी. वह हास्यास्पद स्थितियों में भी गंभीर बने रह सकते थे और गंभीर दृश्य में अचानक एक छोटे-से भाव से पूरे वातावरण को बदल सकते थे.

    उनके व्यक्तित्व की चर्चा करते समय यह भी स्वीकार करना जरूरी है कि नाना पाटेकर का सार्वजनिक व्यक्तित्व हमेशा सरल या निर्विवाद नहीं रहा. वह बेबाक थे, तीखे थे और अपने विचार व्यक्त करने में संकोच नहीं करते थे. उनके स्वभाव को लेकर फिल्म उद्योग में कई तरह की धारणाएं रही हैं. उनके गुस्से और कठोर व्यवहार की चर्चाएं भी सार्वजनिक जीवन का हिस्सा रही हैं दरअसल कलाकार देवता नहीं होते. वे भी अपनी प्रतिभा, कमजोरियों, विरोधाभासों और सीमाओं के साथ हमारी तरह आम आदमी ही होते हैं. यहाँ यह कहने में कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी कि नाना को याद करने का अर्थ उनके अभिनय की असाधारण उपलब्धियों को स्वीकार करना है, लेकिन उनके जीवन के हर पहलू को आदर्श बना देना नहीं. कला की आलोचनात्मक समझ यही मांग करती है कि हम उपलब्धि और विवाद, दोनों को उनके उचित संदर्भ में देखें. नाना पाटेकर के व्यक्तित्व का एक दिलचस्प पक्ष यह भी था कि वह स्टारडम की चमक से पूरी तरह प्रभावित नहीं हुए. 1990 के दशक में जब वह एक बड़े सितारे के रूप में स्थापित हो चुके थे, तब भी उनकी जीवनशैली को लेकर यह बात सामने आती रही कि वह अपने पुराने जीवन और मध्यवर्गीय जड़ों को भूलना नहीं चाहते थे. वे बचपन के संघर्ष, मुंबई के कठिन दिनों और सफलता के बाद भी अपने पुराने जीवन से जुड़े रहने का अक्सर जिक्र किया करते थे .यह उनकी सार्वजनिक छवि का महत्वपूर्ण हिस्सा था. वह ग्लैमर की दुनिया में रहते हुए भी ग्लैमर के बाहर की दुनिया को जानते थे. किसान, मजदूर, बेरोजगार युवक, पुलिसकर्मी, अपराधी, निम्न-मध्यवर्गीय परिवार उनके किरदारों में आम आदमी की तरह बार-बार लौटता रहा.शायद इसी कारण उनका अभिनय दर्शकों को विश्वसनीय लगता था.

    नाना का संबंध केवल फिल्मों से नहीं था. सामाजिक सरोकार उनके सार्वजनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे. किसानों और ग्रामीण परिवारों की समस्याओं के प्रति उनकी संवेदनशीलता लंबे समय से चर्चा में रही. सामाजिक कार्यों में उनकी सक्रियता और ‘नाम फाउंडेशन’ जैसे प्रयासों से जुड़ाव ने उनके व्यक्तित्व का एक ऐसा पक्ष सामने रखा जो फिल्मों के बाहर था.
    यहां नाना का जीवन अपने अभिनय से एक गहरा संबंध बनाता दिखाई देता है. जिस अभिनेता ने पर्दे पर आम आदमी का गुस्सा और उसकी बेबसी बार-बार व्यक्त की, वही अभिनेता वास्तविक जीवन में भी किसानों और वंचित परिवारों के प्रति संवेदनशील रहा. कला और जीवन हमेशा एक नहीं होते, लेकिन नाना के मामले में दोनों के बीच एक पुल अवश्य दिखाई देता है.उनका सामाजिक कार्य किसी फिल्मी प्रचार का हिस्सा नहीं था. वह सार्वजनिक रूप से अपनी छवि चमकाने वाले अभिनेता के रूप में कभी सहज नहीं लगे. उनकी भाषा में अक्सर कड़ापन था और उनका व्यवहार भी कई बार असहज करने वाला रहा, लेकिन किसानों और संकटग्रस्त परिवारों के लिए उनकी चिंता उनके सार्वजनिक व्यक्तित्व की महत्वपूर्ण धुरी थी.

    नाना पाटेकर का निर्देशन भी उनके रचनात्मक व्यक्तित्व का एक महत्वपूर्ण अध्याय है. 1991 में उन्होंने ‘प्रहार: द फाइनल अटैक’ का निर्देशन किया. यह फिल्म उनके भीतर मौजूद सैनिक अनुशासन, हिंसा और मनुष्य की मानसिकता को लेकर उनकी चिंता को व्यक्त करती है.’प्रहार’ को केवल अभिनेता के निर्देशन की कोशिश के रूप में देखना उसके महत्व को कम करना होगा. नाना के लिए सिनेमा हमेशा चरित्र और परिस्थिति का माध्यम रहा. वह अभिनय करते समय भी दृश्य की संरचना, चरित्र की गति और संवाद के प्रभाव को लेकर सजग रहते थे. वह केवल अभिनेता बनकर संतुष्ट नहीं होते थे बल्कि वह पूरी प्रक्रिया को समझना चाहते थे.हालांकि उनके करियर का बड़ा हिस्सा मुख्यधारा के सिनेमा में रहा, लेकिन वह व्यावसायिक सिनेमा और गंभीर सिनेमा के बीच की दीवार को तोड़ने वाले कलाकार थे. उन्होंने ऐसी फिल्मों में भी काम किया जिन्हें आलोचकों ने सराहा और ऐसी फिल्मों में भी जिनका उद्देश्य व्यापक दर्शक वर्ग का मनोरंजन करना था. यही संतुलन उन्हें लोकप्रिय और गंभीर दोनों तरह के दर्शकों का अभिनेता बनाता है.’सलाम बॉम्बे!’ जैसी फिल्म में उनका होना उस दौर के भारतीय सिनेमा के उस हिस्से से उनके संबंध को दिखाता है जो शहर के हाशिए, गरीबी और बच्चों की असुरक्षित दुनिया को सामने ला रहा था. नाना का करियर किसी एक दशक का करियर नहीं था. उन्होंने सत्तर के दशक के उत्तरार्ध से अभिनय शुरू किया और पांच दशक के करीब भारतीय सिनेमा के बदलते रूपों के साथ चलते रहे. उन्होंने समान सहजता से समानांतर सिनेमा, अपराध-केंद्रित सिनेमा, सामाजिक सिनेमा, राजनीतिक ड्रामा, पारिवारिक फिल्मों और कॉमेडी में काम किया.उनकी यह लंबी यात्रा अपने आप में भारतीय सिनेमा के बदलते इतिहास की कहानी है.जब उन्होंने शुरुआत की थी तब हिंदी सिनेमा में स्टार सिस्टम मजबूत था. फिर अस्सी के दशक में सामाजिक यथार्थ और हिंसक शहरी कथाओं का दौर आया. नब्बे के दशक में उदारीकरण और ग्लैमर ने फिल्मों का चेहरा बदला. दो हजार के दशक में मल्टीप्लेक्स संस्कृति आई. उसके बाद ओटीटी और नई कहानी कहने की शैली ने अभिनय के पुराने ढांचे को चुनौती दी. नाना इन सभी दौरों से गुजरे और अपनी पहचान बनाए रखी जबकि यह आसान नहीं था.

    कई अभिनेता एक विशेष उम्र और एक विशेष प्रकार की भूमिका के बाद अप्रासंगिक हो जाते हैं पर नाना के साथ ऐसा नहीं हुआ. उन्होंने उम्र को भी अभिनय की सामग्री बना लिया. जैसे-जैसे उम्र बढ़ी, उनके किरदारों में जीवन की थकान, अनुभव और विडंबना बढ़ती गई.

    यही कारण है कि ‘नटसम्राट’ जैसे किरदार में उनकी उपस्थिति इतनी प्रभावशाली बनी.नाना की लोकप्रियता का एक और रहस्य था वह अभिनय में ‘सुंदर’ दिखने की चिंता नहीं करते थे. उनके चेहरे पर झुर्रियां आईं तो उन्होंने उन्हें छिपाने की कोशिश नहीं की. शरीर बदला तो उन्होंने उसे स्वीकार किया. उम्र ने उनकी आवाज में जो खुरदरापन जोड़ा, वह उनके अभिनय की ताकत बन गया.आज जब सिनेमा में अभिनय कई बार शारीरिक आकर्षण और स्टार इमेज से जुड़ जाता है, नाना की यात्रा यह याद दिलाती है कि दर्शक अंततः चेहरे की सुंदरता से अधिक चरित्र की सच्चाई को स्वीकार करता है.उनकी आवाज को भारतीय सिनेमा की विशिष्ट आवाजों में गिना जा सकता है. वह आवाज भारी होने की वजह से महत्वपूर्ण नहीं थी दरअसल उसमें अनुभव की खराश थी उसमें आदेश देने की क्षमता थी और उसी आवाज में रोने की असहायता भी थी. वह गाली देते हुए भी अभिनय कर सकते थे और प्रेम व्यक्त करते हुए भी वही आवाज किसी दूसरी दुनिया में चली जाती थी.उनकी संवाद शैली की नकल करने वाले अनेक लोग हुए, लेकिन उनकी नकल करना आसान नहीं था. क्योंकि नाना की आवाज की नकल की जा सकती है, उनकी आंतरिक बेचैनी की तो कदापि नहीं.नाना के बारे में यह भी कहा गया कि वह ‘नेचुरल’ अभिनेता थे. लेकिन ‘नेचुरल अभिनय’ शब्द कई बार भ्रम पैदा करता है. अभिनय में सहजता वर्षों के अभ्यास से आती है. नाना की सहजता के पीछे रंगमंच का अनुशासन, जीवन का अनुभव, भाषा पर पकड़, बॉडी लेंग्वेज की समझ और कैमरे के सामने तत्काल रिएक्ट करने की क्षमता थी.
    वह संवाद को याद करके बोलते हुए दिखाई नहीं देते थे. वह सामने वाले की बात सुनते थे और रिएक्ट करते थे. यह मामूली अंतर नहीं है क्योंकि अभिनय में सुनना बोलने जितना ही महत्वपूर्ण होता है. नाना सुनते थे इसलिए उनकी प्रतिक्रियाएं जीवित लगती थीं.उनके चेहरे पर कभी-कभी इतना कम भाव होता था कि दर्शक स्वयं उस खाली जगह को भरने लगता था. और कभी-कभी वह इतना तीव्र भाव देते कि दर्शक को सांस रोकनी पड़ती थी और यही उनके अभिनय का जादू था. ऐसा लगता है कि उनके अभिनय में ‘माचो’ ऊर्जा थी, लेकिन वह केवल पुरुषत्व का प्रदर्शन नहीं थी. उसके भीतर टूटन भी थी, उनके पुरुष किरदार रोते थे, डरते थे, हारते थे, पछताते थे. यही वजह है कि वे केवल ‘एंग्री मैन’ नहीं बने. उन्होंने क्रोध के पीछे छिपे दुख को भी अभिनय में जगह दी.

    उनकी कॉमेडी भी इसी कारण अलग थी. वह मजाकिया अभिनेता बनने की कोशिश नहीं करते थे. वह स्थिति को गंभीरता से लेते थे और हास्य अपने आप पैदा होता था. ‘वेलकम’ इसका सबसे सफल उदाहरण है. उदय शेट्टी की लोकप्रियता ने यह भी दिखाया कि एक गंभीर अभिनेता जब कॉमेडी को पूरी गंभीरता से निभाता है तो उसका प्रभाव कई बार प्रशिक्षित कॉमेडियन से भी अधिक हो सकता है.

    नाना का करियर इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि उन्होंने ‘हीरो’ और ‘विलेन’ की पारंपरिक सीमाओं को तोड़ा. वह खलनायक होकर भी फिल्म के सबसे मानवीय पात्रों में से एक हो सकते थे. वह नायक होकर भी खामियों से भरे हो सकते थे. वह कॉमेडी करते हुए भी गंभीर रह सकते थे. वह गंभीर भूमिका निभाते हुए भी हास्य का एक क्षण पैदा कर सकते थे. नाना के अभिनय की यही बहुरूपता उन्हें अपने समकालीनों से अलग करती है.भारतीय सिनेमा में ऐसे कलाकार बहुत कम आए हैं जिनकी आवाज सुनते ही दर्शक पहचान ले कि पर्दे पर नाना पाटेकर हैं. यह पहचान केवल आवाज की नहीं थी; यह अभिनय की एक पूरी व्याकरण की पहचान थी.

    उनकी विरासत में संवाद हैं, किरदार हैं, फिल्में हैं, पुरस्कार हैं, लेकिन सबसे बड़ी विरासत वह आत्मविश्वास है जो उन्होंने अभिनेता की स्वतंत्रता को दिया.उन्होंने यह साबित किया कि अभिनेता को हमेशा स्टार बनने की जरूरत नहीं है बल्कि अभिनेता स्वयं एक संस्था हो सकता है.
    नाना पाटेकर स्टार थे, लेकिन स्टारडम से बड़े अभिनेता थे.

    उनके अभिनय को लेकर एक और बात महत्वपूर्ण है. वह भावनाओं को ‘सुंदर’ नहीं बनाते थे. दुख उनके यहां वास्तव में दुख था. गुस्सा वास्तव में गुस्सा था. प्रेम में भी एक बेचैनी थी. डर में भी एक स्वाभिमान था. उनकी भावनाएं पॉलिश की हुई नहीं लगती थीं. वे खुरदरी थीं, कभी-कभी असुविधाजनक थीं और इसी वजह से वास्तविक लगती थीं.
    शायद यही उनके अभिनय की सबसे बड़ी पहचान थी यानी रॉ एनर्जी. दरअसल यह शब्द नाना के अभिनय को समझने की कुंजी हो सकता है. वह ऊर्जा बाहर से आरोपित नहीं थी वह भीतर से आती थी.

    उनकी आंखों की चमक, आवाज की कंपन, गर्दन की हलचल, हाथों की मुद्रा और शरीर की बेचैनी सब कुछ उस आंतरिक ऊर्जा का हिस्सा था.नाना के अभिनय में एक तरह की अधीरता थी. जैसे एक किरदार अपने भीतर जमा कोई बात अब और रोक नहीं सकता. कभी वह एक ही वाक्य को कई स्तरों पर बोलते थे. कभी एक शब्द को इतना खींच देते कि वह पूरा दृश्य अपने भीतर समेट लेता.

    यह अभिनय की वह शैली थी जिसे किताबों से सीखा नहीं जा सकता बल्कि
    इसके लिए जीवन जीना पड़ता है.नाना ने जीवन को करीब से देखा था. गरीबी, संघर्ष, छोटे शहर और मुंबई की भीड़, काम की तलाश, असुरक्षा, सफलता और फिर सफलता के बावजूद अपने पुराने जीवन से जुड़े रहने की इच्छा इन सबने उनके भीतर एक ऐसा अभिनेता तैयार किया जो समाज के हाशिए पर खड़े व्यक्ति को समझ सकता था.
    इसलिए उनकी फिल्मों में आम आदमी केवल पृष्ठभूमि नहीं था. वह कथा का केंद्र था.
    उनका सिनेमा बार-बार पूछता है कि व्यवस्था के बाहर खड़ा व्यक्ति क्या करे? वह अपराध की ओर क्यों जाता है? पुलिस वाला इतना कठोर क्यों हो जाता है? एक आदमी हिंसक क्यों बनता है? एक पिता अपनी बेटी के लिए कितना टूट सकता है? एक अभिनेता अपने कला-जीवन से बाहर निकलकर साधारण मनुष्य कैसे बने? एक किसान संकट में क्यों आता है?
    इन सवालों का कोई एक उत्तर नहीं है. लेकिन नाना के अभिनय ने इन सवालों को दर्शकों के सामने जीवित रखा.
    यही कारण है कि उनके किरदार फिल्म समाप्त होने के बाद भी हमारे भीतर बने रहते हैं.
    नाना पाटेकर का निधन इसलिए केवल एक अभिनेता की मृत्यु नहीं है. यह उस अभिनय-परंपरा की क्षति है जिसमें कलाकार अपने चेहरे की चमक से नहीं, अपने अनुभव की सच्चाई से बड़ा होता है. वह परंपरा जिसमें अभिनेता को अपने भीतर की बेचैनी से गुजरना पड़ता है. वह परंपरा जिसमें किरदार को सजाना नहीं, समझना होता है.
    आज जब सिनेमा तकनीकी रूप से पहले से कहीं अधिक शक्तिशाली हो गया है, कैमरे पहले से अधिक सक्षम हैं, दृश्य अधिक भव्य हैं और मनोरंजन के साधन असंख्य हैं, नाना की कला हमें एक बुनियादी बात याद दिलाती है—आखिर में कैमरे के सामने खड़ा मनुष्य ही कहानी को विश्वसनीय बनाता है.
    नाना के चेहरे पर कोई विशेष प्रभाव नहीं लगाया जा सकता था. उनकी आंखों की बेचैनी किसी कंप्यूटर से पैदा नहीं की जा सकती. उनकी आवाज की खराश किसी तकनीक से खरीदी नहीं जा सकती. वह जीवन से आई थी.

    इसीलिए उनका अभिनय लंबे समय तक जीवित रहेगा…
    उनकी फिल्मों को आने वाली पीढ़ियां देखेंगी और संभव है कि उन्हें कुछ संवाद याद रहें, कुछ दृश्य याद रहें, कुछ किरदार याद रहें. लेकिन शायद सबसे ज्यादा जो याद रहेगा, वह होगा उनका पर्दे पर अचानक आ जाना और दृश्य का तापमान बदल देना.
    वह आते थे और दृश्य उनका हो जाता था.
    यह अधिकार उन्होंने किसी से छीना नहीं था. उन्होंने इसे अपने अभिनय से अर्जित किया था.
    नाना पाटेकर की विरासत केवल हिंदी फिल्मों में नहीं है. वह मराठी रंगमंच, मराठी सिनेमा और भारतीय अभिनय परंपरा के बीच एक सेतु थे. उन्होंने क्षेत्रीय भाषा और राष्ट्रीय लोकप्रियता के बीच की दूरी को कम किया. उनका उच्चारण, उनकी देहभाषा और उनकी आवाज अपने साथ महाराष्ट्र की मिट्टी लेकर आती थी, लेकिन उनकी भावनाएं पूरे भारत की थीं.
    यही किसी बड़े कलाकार की पहचान है कि वह अपनी जड़ों से जितना जुड़ा होता है, उतना ही व्यापक होता जाता है.
    नाना पाटेकर महाराष्ट्र के कलाकार थे, लेकिन उनकी पीड़ा, उनका गुस्सा, उनका हास्य और उनकी संवेदना पूरे भारत के दर्शकों की थी.
    उनके सामाजिक सरोकार भी इसी व्यापकता को दिखाते हैं. किसानों के साथ उनका जुड़ाव, ग्रामीण संकट को लेकर उनकी चिंता और जरूरतमंदों के लिए किए गए प्रयासों ने यह दिखाया कि उनके लिए समाज केवल फिल्मों की कहानी नहीं था. उनके निधन के बाद श्रद्धांजलियों में भी इस पक्ष को विशेष रूप से याद किया गया.
    रितेश देशमुख ने नाना के निधन पर उन्हें ‘अतुलनीय’ अभिनेता बताते हुए उनकी हास्य और गंभीर दोनों भूमिकाओं की बहुमुखी प्रतिभा को याद किया और उनके सामाजिक कार्यों का भी उल्लेख किया. यह प्रतिक्रिया उस व्यापक प्रभाव का संकेत है जो नाना ने अपने सहकर्मियों और नई पीढ़ी के कलाकारों पर छोड़ा.
    उनके निधन के बाद महाराष्ट्र और हिंदी फिल्म जगत से आई प्रतिक्रियाओं में बार-बार यही बात सामने आई कि एक युग समाप्त हो गया.
    लेकिन कलाकारों के लिए ‘युग का अंत’ कहना जितना भावुक है, उससे अधिक महत्वपूर्ण यह पूछना है कि उनके जाने के बाद क्या बचता है.
    नाना के मामले में उत्तर स्पष्ट है—बहुत कुछ.
    उनकी फिल्में बचती हैं. उनके किरदार बचते हैं. उनके संवाद बचते हैं. उनके अभिनय की शैली बचती है. उनका सामाजिक काम बचता है. उनके बारे में लिखी गई आलोचनाएं बचती हैं. उनके साथ काम करने वाले कलाकारों की स्मृतियां बचती हैं. और सबसे बढ़कर वह अभिनय की एक ऐसी मिसाल छोड़ गए हैं जिसे आने वाले कलाकार देखेंगे और समझेंगे कि कैमरे के सामने ‘अभिनय करना’ और ‘जीना’ दो अलग बातें हैं.
    नाना ने अभिनय को कई बार जीने के करीब पहुंचा दिया था.
    उनकी मृत्यु पर शोक करते हुए यह भी याद रखना होगा कि कोई अभिनेता अपने जीवन में जितने पात्र निभाता है, उतनी ही स्मृतियां छोड़ जाता है. नाना ने सैकड़ों पात्रों के माध्यम से दर्शकों से संवाद किया. इसलिए उनका जाना पूर्ण अनुपस्थिति नहीं है. उनकी आवाज किसी पुराने दृश्य से फिर सुनाई देगी. ‘परिंदा’ का अन्ना फिर सामने आएगा. ‘क्रांतिवीर’ का प्रताप फिर व्यवस्था को चुनौती देगा. ‘अब तक छप्पन’ का साधु फिर अपने भीतर के संघर्ष से गुजरेगा. ‘वेलकम’ का उदय शेट्टी फिर दर्शकों को हंसाएगा. ‘नटसम्राट’ का गणपत बेलवलकर फिर मंच और जीवन के बीच खड़ा दिखाई देगा.
    और तब हमें महसूस होगा कि अभिनेता गया है, लेकिन उसका अभिनय नहीं गया.
    नाना पाटेकर को श्रद्धांजलि देने का सबसे उचित तरीका शायद यही है कि उन्हें केवल एक ‘महान अभिनेता’ कहकर विदा न किया जाए. उन्हें उस कलाकार के रूप में याद किया जाए जिसने अभिनय को जीवन की धूल, पसीने, गुस्से, करुणा और विडंबना से जोड़ा. जिसने यह दिखाया कि एक अभिनेता को हमेशा पसंद किया जाना जरूरी नहीं; कभी-कभी उसे दर्शक को असहज भी करना चाहिए. जिसने पर्दे पर आदमी को उसकी कमजोरियों के साथ स्वीकार किया.
    उनका व्यक्तित्व भी उनकी कला की तरह सीधा, सरल और एकरेखीय नहीं था. उसमें तेज था, उसमें कठोरता थी, उसमें संवेदनशीलता थी, उसमें विरोधाभास थे. उन्हें समझने के लिए उनके अभिनय को समझना होगा और उनके अभिनय को समझने के लिए उनके भीतर के मनुष्य को. यही वजह है कि नाना पर अंतिम फैसला देना संभव नहीं है. कलाकारों का जीवन हमेशा उनके काम से बड़ा और अधिक जटिल होता है.
    लेकिन सिनेमा में उनकी जगह पर कोई संशय नहीं है.
    वह भारतीय अभिनय के उन विरल कलाकारों में थे जिन्होंने अभिनय को किसी एक साँचे में स्वीकार नहीं किया. उन्होंने खलनायक को मानवीय बनाया, नायक को असुरक्षित बनाया, पुलिस वाले को थका हुआ बनाया, पिता को कमजोर बनाया और हास्य अभिनेता को गंभीर बनाए रखा.
    उन्होंने चेहरे को संवाद बनाया और आवाज को चरित्र.
    उन्होंने गुस्से को अभिनय बनाया और चुप्पी को भी.
    उन्होंने अपने संघर्ष को अपनी ताकत बनाया.
    और उन्होंने यह साबित किया कि महान अभिनेता वह नहीं होता जो हर दृश्य में सबसे अधिक दिखाई दे; महान अभिनेता वह होता है जिसके जाने के बाद भी दृश्य में उसकी उपस्थिति बनी रहे.
    नाना पाटेकर की यही उपस्थिति भारतीय सिनेमा में लंबे समय तक बनी रहेगी.
    आज जब उनके जाने की खबर सामने आई है, तो मन स्वाभाविक रूप से उन असंख्य दृश्यों की ओर लौटता है जिनमें उन्होंने हमें चौंकाया, डराया, हंसाया, रुलाया और कई बार हमारे भीतर कोई सवाल छोड़ दिया. 75 वर्ष की उम्र में उनका जाना एक व्यक्तिगत क्षति भी है और भारतीय सिनेमा के लिए सांस्कृतिक क्षति भी.
    वह ऐसे समय में गए जब अभिनय की दुनिया तेजी से बदल रही है. लेकिन उनके अभिनय की जरूरत शायद अब पहले से अधिक है. क्योंकि आज भी मनुष्य अकेला है, व्यवस्था से परेशान है, प्रेम में असुरक्षित है, राजनीति से निराश है, आर्थिक संकट से जूझ रहा है और अपनी पहचान के लिए संघर्ष कर रहा है. नाना की फिल्मों का मनुष्य इसी संघर्ष से पैदा होता था.
    इसलिए नाना पाटेकर केवल अतीत के अभिनेता नहीं हैं. वह वर्तमान के भी अभिनेता हैं और भविष्य के लिए भी प्रासंगिक रहेंगे.
    उनकी आवाज में जो खुरदरापन था, वह समय के साथ और अर्थपूर्ण होगा. उनकी आंखों में जो आक्रोश था, वह आने वाली पीढ़ियों को समाज के सवालों से जोड़ता रहेगा. उनकी हंसी में जो विडंबना थी, वह हमें याद दिलाती रहेगी कि जीवन केवल गंभीरता नहीं, बल्कि अपनी गंभीरताओं पर हंसने की क्षमता भी है.
    और उनके अभिनय की वह आग—वह शायद कभी नहीं बुझेगी.
    क्योंकि वह किसी कृत्रिम रोशनी की आग नहीं थी. वह जीवन से आई थी.
    नाना पाटेकर का जीवन संघर्ष से शुरू हुआ, अभिनय की तपस्या से गुजरा, लोकप्रियता के शिखर तक पहुंचा, सामाजिक सरोकारों से जुड़ा और अंततः ऐसी विरासत छोड़ गया जिसमें भारतीय सिनेमा का एक बड़ा हिस्सा दर्ज है. उन्होंने अभिनेता होने का अर्थ केवल पर्दे पर दिखना नहीं, बल्कि चरित्र के भीतर उतरना समझा. यही उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि है.
    आज उन्हें विदा करते हुए शायद कोई एक वाक्य पर्याप्त नहीं होगा. क्योंकि नाना पाटेकर एक वाक्य में समाने वाले कलाकार नहीं थे. वह कई आवाजों, कई चेहरों, कई किरदारों और कई अंतर्विरोधों के अभिनेता थे.
    फिर भी श्रद्धांजलि के लिए एक बात कही जा सकती है—
    नाना पाटेकर चले गए, लेकिन भारतीय सिनेमा के भीतर वह बेचैन आवाज छोड़ गए हैं जो हर बार हमें यह पूछेगी कि हम जिस दुनिया में जी रहे हैं, वह ऐसी क्यों है.
    वह सवाल ही उनकी सबसे बड़ी विरासत है.
    और शायद किसी अभिनेता के लिए इससे बड़ी श्रद्धांजलि दूसरी नहीं हो सकती कि उसके जाने के बाद भी उसके निभाए हुए किरदार हमें अपने समय से सवाल करना सिखाते रहें.
    नाना पाटेकर को विनम्र और भावभीनी श्रद्धांजलि.
    उनका अभिनेता हमारे बीच रहेगा.
    उनकी आवाज रहेगी.
    उनकी आंखों की वह तीखी चमक रहेगी.
    उनका गुस्सा रहेगा.
    उनका हास्य रहेगा.
    उनकी संवेदना रहेगी.
    और सबसे बढ़कर—अभिनय को जीवन के जितना करीब ले जाने की उनकी कोशिश हमेशा भारतीय सिनेमा की स्मृति में जीवित रहेगी.
    नाना पाटेकर के लिए शायद यही कहना सबसे उचित होगा कि उन्होंने पर्दे पर पात्र नहीं छोड़े, उन्होंने मनुष्य छोड़े. और मनुष्य, अच्छे कलाकारों की तरह, मरते नहीं—वे अपनी कहानियों में बार-बार लौटते हैं.
    नाना भी लौटेंगे.
    हर बार जब ‘परिंदा’ का अंधेरा पर्दे पर उतरेगा, जब ‘क्रांतिवीर’ की आवाज व्यवस्था को चुनौती देगी, जब ‘खामोशी’ की पीड़ा पिता की आंखों में दिखाई देगी, जब ‘अब तक छप्पन’ का कठोर पुलिस अधिकारी अपने भीतर झांकेगा, जब ‘वेलकम’ का उदय शेट्टी अपनी गंभीरता से हमें हंसाएगा और जब ‘नटसम्राट’ का बूढ़ा कलाकार अपने जीवन और रंगमंच के बीच खड़ा होगा—तब नाना पाटेकर फिर हमारे सामने होंगे.
    और तब शायद हमें फिर लगेगा कि सिनेमा में कुछ कलाकार चले जाने के बाद भी जाते नहीं हैं.
    नाना पाटेकर उन्हीं कलाकारों में से एक थे.

    Share. Facebook Twitter Telegram WhatsApp Copy Link
    Previous Articleपैरा शूटिंग टीम के चयन पर घमासान, 20% कमीशन मांगने का आरोप; PCI ने कहा- चयन पूरी तरह मेरिट पर
    Next Article भारत में बच्चों से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री पर Meta की बड़ी कार्रवाई, 53 लाख मामलों पर लिया एक्शन

    Related Posts

    यूपी : नशीली कॉफी पिलाकर पत्नी ने काटा पति का प्राइवेट पार्ट, युवक की हालत नाजुक, महिला गिरफ्तार

    October 9, 2026

    भारत में बच्चों से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री पर Meta की बड़ी कार्रवाई, 53 लाख मामलों पर लिया एक्शन

    October 9, 2026

    पैरा शूटिंग टीम के चयन पर घमासान, 20% कमीशन मांगने का आरोप; PCI ने कहा- चयन पूरी तरह मेरिट पर

    October 9, 2026

    Comments are closed.

    अभी-अभी

    यूपी : नशीली कॉफी पिलाकर पत्नी ने काटा पति का प्राइवेट पार्ट, युवक की हालत नाजुक, महिला गिरफ्तार

    भारत में बच्चों से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री पर Meta की बड़ी कार्रवाई, 53 लाख मामलों पर लिया एक्शन

    नाना पाटेकर का जाना, जैसे अभिनय की एक जीवंत किताब का बंद हो जाना

    पैरा शूटिंग टीम के चयन पर घमासान, 20% कमीशन मांगने का आरोप; PCI ने कहा- चयन पूरी तरह मेरिट पर

    मुंबई में दबोचा गया लोन ठगी का आरोपी बृजेश तिवारी, हथियारों की फोटो दिखाकर जमाता था रौब

    सऊदी अरब में एयरपोर्ट पर फिर हमला, दिल्ली से रियाद जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट लौटी भारत की कई उड़ानें रद्द

    झारखंड DGP नियुक्ति नियमों पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, तदाशा मिश्रा की नियुक्ति पर भी पड़ सकता है असर

    अमिताभ बच्चन की नातिन नव्या नवेली नंदा की स्टार्टअप दुनिया में नई पारी, डीपटेक और स्पेस में निवेश पर फोकस

    भारतीय IT कंपनियों पर USA में बड़ा एक्शन, इंफोसिस-विप्रो समेत कई कंपनियों के लेबर सर्टिफिकेशन पर रोक

    उप चुनाव : बंगाल की दोनों सीटों पर बीजेपी आगे, तमिलनाडु में 2 सीटों पर टीवीके को बढ़त

    Facebook X (Twitter) Telegram WhatsApp
    © 2026 News Samvad. Designed by Cryptonix Labs .

    Type above and press Enter to search. Press Esc to cancel.