सोनारी के बिंदल मॉल में 11 राउंड फायरिंग, चार घायल; CCTV से हमलावरों की पहचान का दावा, डोबो के रास्ते चांडिल भागे आरोपी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के ग्राउंड फ्लोर में शनिवार दोपहर उडिपी उपहार रेस्टोरेंट में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। दिनदहाड़े हुई इस घटना में करीब 11 राउंड गोलियां चलने की बात सामने आयी है। फायरिंग में चार लोगों के घायल होने की सूचना है। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया।
घटना के बाद मॉल और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। सूचना मिलते ही सोनारी पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, जमशेदपुर एसएसपी डॉ. एहतशाम वकारिब और ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।
CCTV फुटेज से मिले अहम सुराग
पुलिस ने रेस्टोरेंट और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। पुलिस सूत्रों के अनुसार CCTV फुटेज के आधार पर फायरिंग में शामिल युवकों की पहचान की दिशा में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। घटना के समय मानगो निवासी कुंदन सिंह के बाइक चलाने और उसके पीछे अजीत मंडल के बैठे होने की जानकारी भी जांच में सामने आयी है। पुलिस घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
रेस्टोरेंट में घुसते ही शुरू कर दी फायरिंग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीन अपराधी रेस्टोरेंट पहुंचे और अंदर घुसते ही फायरिंग शुरू कर दी। अचानक गोलियां चलने से रेस्टोरेंट में मौजूद लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गयी। करीब 11 राउंड फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गये।
पुलिस के अनुसार फायरिंग में डोमनिक सैमसंग, दिलशाद, रिजवान और कृष्णा चौधरी के घायल होने की सूचना है। सभी को इलाज के लिए टीएमएच भेजा गया है।
डोबो के रास्ते चांडिल की ओर भागने की सूचना
CCTV फुटेज और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस को आरोपियों के डोबो के रास्ते चांडिल की ओर भागने की जानकारी मिली है। इसके बाद चांडिल, कपाली और आसपास के इलाकों में पुलिस की चेकिंग बढ़ा दी गयी है। संभावित रास्तों और ठिकानों पर पुलिस टीमों को तैनात किया गया है।
SIT गठित, कई ठिकानों पर छापेमारी
घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान टीम (SIT) का गठन किया गया है। टीम द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे आपसी विवाद की बात सामने आने की जानकारी है। पुलिस ने एक आरोपी की पहचान होने का दावा किया है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।
फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने जुटाये साक्ष्य
घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाये। डॉग स्क्वायड की मदद से भी जांच की गयी। पुलिस ने घटनास्थल की स्थिति, CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाया है।
DIG अनुरंजन किस्पोट्टा ने लिया जायजा
कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। फायरिंग में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस CCTV फुटेज समेत सभी उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।
शहर में सुरक्षा बढ़ायी गयी
दिनदहाड़े मॉल परिसर में हुई गोलीबारी के बाद पुलिस ने सोनारी समेत आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। पुलिस की विभिन्न टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। अब पुलिस का मुख्य फोकस आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ फायरिंग के कारण और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने पर है।

