एक्सएलआरआइ में बंपर प्लेसमेंट: 576 छात्रों को 578 ऑफर्स, 1.10 करोड़ तक गया इंटरनेशनल पैकेज
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर/दिल्ली-एनसीआर स्थित एक्सएलआरआइ ने अपने दो वर्षीय पीजीडीएम (बिजनेस मैनेजमेंट) और पीजीडीएम (एचआरएम) 2024-26 बैच की फाइनल प्लेसमेंट प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। इस दौरान 576 छात्रों को 145 कंपनियों से कुल 578 जॉब ऑफर्स मिले, जिनमें 576 घरेलू और 2 अंतरराष्ट्रीय ऑफर्स शामिल हैं।
प्लेसमेंट सीजन में औसत वेतन 31.40 लाख रुपये प्रति वर्ष रहा, जबकि मीडियन पैकेज 29 लाख रुपये दर्ज किया गया। टॉप 10 प्रतिशत छात्रों का औसत पैकेज 49.2 लाख और टॉप 25 प्रतिशत का 44.18 लाख रुपये रहा। सबसे ऊंचा अंतरराष्ट्रीय पैकेज 1.10 करोड़ रुपये और घरेलू स्तर पर 59 लाख रुपये प्रति वर्ष का ऑफर मिला।
डायरेक्टर फादर एस. जॉर्ज ने कहा कि एक्सएलआरआइ नैतिक और सक्षम कॉर्पोरेट लीडर तैयार करता है, जिन्हें वैश्विक कॉर्पोरेट जगत में विशेष सम्मान मिलता है। उन्होंने फैकल्टी की मेंटरिंग और छात्रों की मेहनत को इस सफलता का आधार बताया।
इस वर्ष 42.5 प्रतिशत छात्रों को समर इंटर्नशिप के आधार पर प्री-प्लेसमेंट ऑफर (PPO) मिले। 25 नई कंपनियां पहली बार कैंपस प्लेसमेंट से जुड़ीं, जिनमें जोमैटो हाइपरप्योर, इंडिगो एयरलाइंस और रेजरपे प्रमुख रहीं।
सेक्टर-wise देखें तो कंसल्टिंग का दबदबा रहा, जहां से 36 प्रतिशत ऑफर्स आए। इसके बाद बीएफएसआई (18%), आईटीईएस (15%) और सेल्स एंड मार्केटिंग (12%) का स्थान रहा। एक्सएलआरआइ ने एक बार फिर एचआर के क्षेत्र में अपनी श्रेष्ठता साबित की, जहां अमेजन, एचयूएल और टाटा स्टील जैसी कंपनियों ने प्रमुख पदों के लिए छात्रों का चयन किया।

