जमशेदपुर में मौसम का मिजाज बदला, शाम की बारिश से गर्मी से मिली राहत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर में दिनभर उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। तेज धूप और चिपचिपी गर्मी के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। दोपहर के समय स्थिति ऐसी हो गई कि स्कूल से लौटते बच्चे मुंह पर गमछा ढककर चलते नजर आए, वहीं भीषण गर्मी के कारण सड़कों पर भी वीरानी छाने लगी थी।


हालांकि, शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई। अचानक हुई बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं मौसम सुहावना हो गया। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं ने वातावरण को खुशनुमा बना दिया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि, कुछ स्थानों पर जलजमाव की स्थिति भी देखी गई।


