परसुडीह में बिजली कार्यालय में चोरी, छह ताले तोड़कर कंप्यूटर उपकरण ले उड़े चोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला करनडीह स्थित बागबेड़ा विद्युत आपूर्ति शाखा कार्यालय का है, जहां चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि 27 तारीख को छुट्टी के दौरान चोरों ने कार्यालय को निशाना बनाया और मुख्य गेट पर लगे करीब छह तालों को तोड़ डाला। जब कर्मचारी अगले दिन कार्यालय पहुंचे तो गेट के सभी ताले टूटे मिले। अंदर जाकर देखा गया कि अलमारी को भी तोड़ने की कोशिश की गई थी और उसकी चाबी क्षतिग्रस्त कर दी गई थी।
चोरों ने सहायक कर्मी चंदन कुमार की टेबल से यूपीएस, कीबोर्ड सहित अन्य कंप्यूटर उपकरणों की चोरी कर ली। वहीं दूसरी टेबल से भी कीबोर्ड, माउस और कंप्यूटर गायब पाए गए।
बिजली विभाग के तकनीकी सहायक चंदन कुमार ने बताया कि चोरी हुए सामान की कीमत लगभग 55 से 60 हजार रुपये आंकी गई है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

