सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र–धालभूमगढ़ में कुष्ठ रोग खोज अभियान के तहत नि:शुल्क चर्म रोग जाँच शिविर आयोजित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के निर्देशानुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धलभूमगढ़ में कुष्ठ रोग खोज अभियान–2025 के अंतर्गत नि:शुल्क चर्म रोग जाँच शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।

शिविर का नेतृत्व जिला RCH पदाधिकारी सह जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. रंजीत कुमार पांडा तथा जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो द्वारा किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने विभिन्न प्रकार के चर्म रोगों से पीड़ित लोगों की जाँच की और आवश्यक परामर्श प्रदान किए।
इस अवसर पर डॉ. रंजीत कुमार पांडा ने कहा— कुष्ठ रोग का शुरुआती स्तर पर पहचान हो जाना अत्यंत महत्वपूर्ण है। समय पर इलाज शुरू करने से न केवल रोग को नियंत्रित किया जा सकता है, बल्कि रोगी को होने वाली संभावित दिव्यांगता से भी बचाया जा सकता है।
शिविर में ग्रामीणों को कुष्ठ रोग के लक्षण, उपचार तथा उससे जुड़ी भ्रांतियों के बारे में भी जागरूक किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि कुष्ठ रोग पूरी तरह से ठीक होने योग्य बीमारी है और इसका उपचार सरकार द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराया जाता है।

