सरायकेला में बैटरी चोरी के आरोप में दो गिरफ्तार, स्कूटी और औजार बरामद
*थाने के सामने खड़ी टाटा मैजिक की बैटरी चोरी करने का भी आरोप, ट्रैक्टर शोरूम की चोरी से जुड़े तार*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
सरायकेला थाना पुलिस ने चोरी की घटनाओं के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से स्कूटी, मोबाइल फोन, नकदी और चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार बरामद किए गए हैं। दोनों पर टाटा मैजिक वाहन की बैटरी तथा महिंद्रा ट्रैक्टर शोरूम में चोरी की घटनाओं में शामिल होने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार देर रात गश्ती के दौरान कोर्ट मोड़ के पास दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वे भागने लगे। इसके बाद गश्ती दल ने उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में टाटा मैजिक की बैटरी चोरी और मानिकबाजार तथा राजबांध स्थित ट्रैक्टर शोरूम में चोरी की घटनाओं से जुड़े होने की जानकारी मिली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साजिद खान उर्फ मुन्ना खान और जाफर अंसारी उर्फ गब्बर अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से सुजुकी स्कूटी, मोबाइल फोन, 2,570 रुपये नकद, लोहे का पाना, पेचकस और सबल समेत अन्य सामान जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है।
कार्रवाई में सरायकेला अंचल के पुलिस निरीक्षक राजेश टुडू, थाना प्रभारी विनय कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विनोद टुडू, सौरभ कुमार अहुजा और सुभाष चन्द्र शर्मा तथा सहायक अवर निरीक्षक राकेश कुमार, अमर कुमार मंडल और अमरेन्द्र गौतम शामिल थे। मामले में आगे की जांच जारी है।

