पुटुंगा विद्यालय के वार्षिकोत्सव में संसाधन बढ़ाने का भरोसा
*सांसद जोबा माझी ने खेल मैदान, शिक्षकों की कमी दूर करने और प्लस टू की मान्यता के लिए पहल का दिया आश्वासन*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चक्रधरपुर
आनंदपुर प्रखंड के सुदूरवर्ती उत्क्रमित उच्च विद्यालय पुटुंगा में शुक्रवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच वार्षिकोत्सव मनाया गया। सिंहभूम की सांसद जोबा माझी मुख्य अतिथि और प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिषेक कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। विद्यार्थियों ने पारंपरिक नृत्य-संगीत से अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद अतिथियों ने पारंपरिक पत्थर धुलाई कार्यक्रम में भाग लिया।
समारोह में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोह लिया। शिक्षक मनोज कुमार सिंह ने स्वागत भाषण में विद्यालय की उपलब्धियों के साथ बुनियादी समस्याओं की जानकारी दी। विद्यालय सचिव पीटर भुइंया ने भी विचार रखे।
सांसद जोबा माझी ने कहा कि पुटुंगा विद्यालय ने लंबे संघर्ष के बाद उत्क्रमित उच्च विद्यालय का स्वरूप हासिल किया है। कभी खपरैल भवन से शुरू हुए विद्यालय में सुविधाएं बढ़ी हैं और वर्तमान में चारदीवारी का निर्माण जारी है। हालांकि, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अभी कई बुनियादी संसाधनों की जरूरत है।
उन्होंने विद्यालय में खेल मैदान सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने, शिक्षकों की कमी दूर करने और भविष्य में प्लस टू की मान्यता दिलाने के लिए पहल का आश्वासन दिया। सांसद ने कहा कि शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत कर क्षेत्र के प्रत्येक घर तक शिक्षा का प्रकाश पहुंचाना जरूरी है।
कार्यक्रम में रोबोकेरा थाना प्रभारी लालू प्रसाद, मनोहरपुर के उपप्रमुख दीपक एक्का, ग्राम मुंडा राजेश भुइंया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।

