पत्नी की हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार
*16 जुलाई को मैदान में फंदे से लटका मिला था महिला का शव*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
पत्नी की हत्या के आरोप में फरार चल रहे रवि सिंह मुंडा (21) को कपाली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। आरोपी नीमडीह थाना क्षेत्र के रुपडु गांव का निवासी है।
कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के अनुसार, 16 जुलाई को वन विभाग के 52 बीघा मैदान में एक महिला का शव फंदे से लटका मिला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की। जांच में पति की कथित संलिप्तता सामने आने के बाद उसकी तलाश की जा रही थी।
पुलिस के मुताबिक, महिला अपने पति के साथ कपाली में किराये के मकान में रहती थी। दोनों मजदूरी करते थे। फिलहाल हत्या के कारणों का विस्तृत खुलासा नहीं किया गया है। आरोपी के दोषी होने का निर्धारण न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगा।

