राजा राम मोहन राय की पुण्यतिथि पर नारायण आईटीआई में श्रद्धांजलि सभा, डॉ. जटाशंकर पांडे ने बताए उनके आदर्श
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला-चांडिल।नारायण आईटीआई, लुपुंगडीह, चांडिल में महान समाज सुधारक और ब्रह्म समाज के संस्थापक राजा राम मोहन राय की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ उनके चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
इस अवसर पर संस्थान के संस्थापक सह भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य डॉ. जटाशंकर पांडे, प्राचार्य, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ मौजूद रहे।
डॉ. पांडे ने कहा कि “राजा राम मोहन राय ने भारतीय समाज को अंधविश्वास और कुरीतियों से मुक्त करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। सती प्रथा के खिलाफ आंदोलन चलाकर उन्होंने महिलाओं को नई पहचान और सम्मान दिलाया। शिक्षा, समानता और सामाजिक सुधार के क्षेत्र में उनका कार्य आज भी हम सबके लिए प्रेरणास्रोत है।”
उन्होंने आगे कहा कि नारायण आईटीआई जैसे शैक्षणिक संस्थानों का उद्देश्य युवाओं में जागरूकता और नैतिक मूल्यों की स्थापना करना है। यदि विद्यार्थी राजा राम मोहन राय के आदर्शों को अपनाएँ, तो निश्चित ही समाज और राष्ट्र प्रगति की नई ऊँचाइयों तक पहुँच सकता है।
कार्यक्रम का समापन पुष्पांजलि अर्पित करने और उनके दिखाए मार्ग पर चलने के संकल्प के साथ किया गया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से एडवोकेट निखिल कुमार, जयदीप पांडे, शांति राम महतो, प्रकाश महतो, शुभम साहू, देवाशीष मंडल, पवन कुमार महतो, अजय कुमार मंडल, संजीत कुमार महतो, कृष्णा पद महतो, गौरव कुमार महतो सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

