गोलमुरी में दर्दनाक हादसा: पिकअप की टक्कर से स्कूटी सवार महिला गंभीर घायल, अफवाह पर भड़के लोगों ने किया हंगामा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित आरडी टाटा गोलचक्कर के पास रविवार को एक सड़क हादसे के बाद जमकर हंगामा हो गया। पिकअप वैन की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोगों ने ट्रैफिक पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दी और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को घेर लिया। स्थिति तनावपूर्ण होते देख पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) को मौके पर भेजा। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने लोगों को समझाकर सड़क जाम हटवाया और यातायात व्यवस्था बहाल कराई।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों का आरोप था कि ट्रैफिक चेकिंग के दौरान एक पुलिसकर्मी अचानक स्कूटी सवार महिला के सामने आ गया, जिससे महिला असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई और पीछे से आ रही पिकअप वैन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इस आरोप को लेकर लोगों में काफी नाराजगी देखी गई।
हालांकि, बाद में जिला पुलिस द्वारा घटना का सीसीटीवी फुटेज जारी किए जाने के बाद तस्वीर साफ हो गई। फुटेज में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि महिला साकची से बर्मामाइंस की ओर जा रही थी और इसी दौरान वह सीधे पिकअप वैन की चपेट में आ गई। वीडियो में कहीं भी पुलिस चेकिंग या पुलिसकर्मी की वजह से हादसा होते नहीं दिख रहा है।
डीएसपी ट्रैफिक नीरज पाठक ने कहा कि दुर्घटना का पुलिस चेकिंग अभियान से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी घटना को लेकर अफवाह फैलाने से बचें और तथ्यों की पुष्टि के बाद ही प्रतिक्रिया दें।
घायल महिला की पहचान साकची गुरुद्वारा बस्ती निवासी खुशबू सिंह के रूप में हुई है। टीएमएच में उनका इलाज चल रहा है। वहीं साकची ट्रैफिक थाना प्रभारी सरयू आनंद ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि महिला पिकअप वैन की टक्कर से घायल हुई है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

