मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का कार्यक्रम, स्वास्थ्य शिविर व पौधारोपण आयोजित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा जमशेदपुर महानगर अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा टुईलाडूंगरी स्थित गुरुद्वारा हॉल में ‘सबका साथ, सबका विकास’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत चुना शाह बाबा मजार पर चादरपोशी से हुई, जिसके बाद गुरुद्वारा में प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु के लिए विशेष अरदास की गई।
इस अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया गया तथा निःशुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन कर लोगों को चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।
मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास और सुशासन का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनवर हयात, जिला अध्यक्ष मनजीत सिंह गिल सहित भाजपा के कई पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं अल्पसंख्यक समुदाय के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

