साई मंदिर गोलीकांड में घायल युवक की मौत, पांच आरोपी गिरफ्तार, कट्टा और जिंदा गोली बरामद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 14 जुलाई 2025: बागबेड़ा थाना क्षेत्र के एलबीएसएम रोड स्थित साई मंदिर के पास 11 जुलाई की रात हुई गोलीबारी की घटना में गंभीर रूप से घायल युवक आशीष कुमार भगत (22 वर्ष) की इलाज के दौरान कोलकाता में मौत हो गई है। इधर, इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले पांचों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में राहुल यादव उर्फ छोटू (21), रंजन कुमार सिंह (37), विजय शंकर सिंह उर्फ बाबू टेपर (26), सुरज कुमार दास उर्फ बुढ़ा (22) और शुभम कुमार उर्फ कल्लू (19) शामिल हैं। सभी आरोपी बागबेड़ा थाना क्षेत्र के किताडीह ग्वालापट्टी इलाके के निवासी हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने बताया कि 9 जुलाई को निकली साई रथ यात्रा के दौरान डांस को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद का बदला लेने के लिए आशीष को 11 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे गोली मारी गई थी। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी नागाडीह फुटबॉल मैदान के पास किसी बड़ी आपराधिक वारदात की योजना बना रहे हैं और उसके बाद बिहार भागने की फिराक में थे। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर सभी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा और 8 एमएम की दो जिंदा गोलियां भी बरामद की गई हैं। छापेमारी दल का नेतृत्व थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव कर रहे थे, जिनके साथ जेवियर होरो, संतोष कुमार, सुनील कुमार यादव और बैजनाथ यादव भी शामिल थे। बागबेड़ा थाना में इस संबंध में कांड संख्या 71/2025 दर्ज कर लिया गया है पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।


