जमशेदपुर पुलिस की बड़ी सफलता: वाहन चोरी गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार, पांच बाइक बरामद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 14 जुलाई 2025: शहर में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने में जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक सक्रिय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए अपराधियों में आजादनगर ओल्ड पुरुलिया रोड निवासी मोहम्मद तौफिक उर्फ बाबू और मानगो एमजीएम थाना क्षेत्र के गोकुलनगर निवासी सुप्रियो घोष शामिल हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बस स्टैंड के पास दोनों अभियुक्त संदिग्ध अवस्था में घूम रहे थे। गश्ती कर रही पुलिस टीम को उनकी गतिविधियों पर संदेह हुआ। पूछताछ के दौरान दोनों घबरा गए और टालमटोल करने लगे। शक गहराने पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर सघन पूछताछ की, जिसमें उन्होंने शहरभर से बाइक चोरी की बात कबूल की।

पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर शहर के विभिन्न इलाकों से चोरी की गई पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। ये बाइकें सीतारामडेरा, जुबिली पार्क, बिष्टुपुर, कपाली और नेशनल हाईवे स्थित काली मंदिर के पास से चोरी की गई थीं गिरफ्तार अभियुक्त सुप्रियो घोष पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल की सजा काट चुका है। वहीं, तौफिक उर्फ बाबू भी इस गिरोह का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है।

पुलिस अब इनसे जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के अन्य मामलों की जांच कर रही है। इस कार्रवाई को जमशेदपुर पुलिस की एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है, जिससे शहर में वाहन चोर गिरोहों की कमर टूटने की उम्मीद है।

