सरकारी उपक्रमों की प्रगति की विधानसभा समिति ने की समीक्षा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 6 अक्टूबर: झारखंड विधानसभा की सरकारी उपक्रम संबंधी समिति ने सभापति निरल पूर्ति की अध्यक्षता में परिसदन सभागार में जिला पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सरकारी उपक्रमों एवं विकास योजनाओं की समीक्षा की। समिति के सदस्यों अमित कुमार यादव और जगत माझी भी मौजूद रहे।
बैठक में उपक्रमों की कार्यप्रगति, वित्तीय स्थिति, आय-व्यय, राजस्व संग्रहण, लंबित देनदारियों तथा कर्मचारियों और श्रमिकों के वेतन-मजदूरी भुगतान से जुड़े मामलों की जानकारी ली गई। विकास योजनाओं एवं लंबित परियोजनाओं की विभागवार समीक्षा भी हुई।
सभापति ने लंबित भुगतान का शीघ्र निष्पादन, श्रम कानूनों का पालन, निर्धारित मजदूरी दर सुनिश्चित करने और जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। साथ ही सरकारी उपक्रमों के कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक में डीडीसी नागेंद्र पासवान, एडीसी अनुराग तिवारी, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

