सोना देवी विश्वविद्यालय और TCS में समझौता, विद्यार्थियों को मिलेगा उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: विद्यार्थियों को डिग्री के साथ आधुनिक तकनीकी ज्ञान, व्यावहारिक कौशल और उद्योग की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण देने के लिए सोना देवी मेमोरियल एजुकेशनल फाउंडेशन ट्रस्ट और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के बीच महत्वपूर्ण समझौता हुआ।
समझौते के तहत TCS iON Industry Honour Curriculum को विद्यार्थियों के शैक्षणिक कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा। विद्यार्थियों को कुल 45 घंटे का विशेष प्रशिक्षण मिलेगा, जिसमें डिजिटल अध्ययन सामग्री, वीडियो, पीडीएफ के साथ TCS के विषय विशेषज्ञों द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में प्रत्यक्ष प्रशिक्षण दिया जाएगा। 120 विद्यार्थियों को 60-60 के दो समूहों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कुलाधिपति प्रभाकर सिंह ने कहा कि आज केवल डिग्री पर्याप्त नहीं, बल्कि तकनीकी ज्ञान, कौशल और व्यावहारिक अनुभव भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि TCS जैसी प्रतिष्ठित कंपनी के साथ साझेदारी विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक, उद्योग की कार्यप्रणाली और रोजगार की बदलती आवश्यकताओं से परिचित कराएगी तथा उनके करियर के नए अवसर खोलेगी।
कुलपति प्रो. डॉ. ब्रज मोहन पाट पिंगुवा और कुलसचिव डॉ. नीत नयना ने इसे शिक्षा और उद्योग के बीच मजबूत सेतु बताया। मौके पर TCS के प्रतिनिधि प्रभाकर प्रमाणिक व सांचों जोसफ समेत विश्वविद्यालय के पदाधिकारी और शिक्षक उपस्थित रहे।

