राष्ट्रसंवाद/रोसड़ा (समस्तीपुर)
शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत शिवाजीनगर बाजार में छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। इस मुहिम के तहत विभिन्न गांवों से सैकड़ों लोगों ने स्वेच्छा से आर्थिक सहयोग प्रदान किया है। मंच के सदस्य गांव-गांव जाकर आमजन से संपर्क साध रहे हैं और इस पुनीत कार्य से जुड़ने की अपील कर रहे हैं।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ भूमिपूजन
प्रतिमा स्थापना की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय (मॉडल स्कूल प्लस टू उच्च विद्यालय), शिवाजीनगर के परिसर में विधिवत भूमिपूजन किया गया। पंडित गजेंद्र नारायण झा एवं गौतम कुमार मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूरे विधि-विधान से धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। भूमिपूजन कार्यक्रम बंडिहा निवासी सेवानिवृत्त प्रोफेसर राजेंद्र प्रसाद सिंह एवं सेवानिवृत्त एक्साइज असिस्टेंट कमिश्नर राम पुकार सिंह के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। पूजा-अर्चना के पश्चात उपस्थित लोगों ने छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों को स्मरण करते हुए निर्धारित समय पर प्रतिमा स्थापना कार्य पूर्ण करने का संकल्प लिया।
छत्रपति शिवाजी महाराज विकास मंच के अध्यक्ष प्रो. नंदकुमार सिंह एवं सांसद प्रतिनिधि सह मंच के सचिव अशोक कुमार सिंह ने बताया कि आगामी 19 फरवरी 2027 को छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के अवसर पर उनकी भव्य प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान बीडीओ वीरेंद्र कुमार सिंह, थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार, सांसद प्रतिनिधि अशोक कुमार सिंह, प्रो. नंदकुमार सिंह, प्रधानाध्यापक रविंद्र कुमार, प्रो. कुंदेश्वर प्रसाद सिन्हा, नवीन कुमार सिंह, पूर्व मुखिया तपेश्वर प्रसाद सिंह, सेवानिवृत्त प्राचार्य नंदकिशोर सिंह सहित विकास मंच के कई सदस्य व स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

