जमशेदपुर के मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर प्रचार का शोर अब पूरी तरह थम चुका है। निर्धारित समय सीमा के अनुसार सभी प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार आधिकारिक रूप से समाप्त हो गया है और अब मतदान में महज कुछ ही घंटे शेष बचे हैं। प्रशासन द्वारा आदर्श आचार संहिता के सख्त पालन के निर्देश जारी किए गए हैं ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सके। इसके बावजूद शहर के विभिन्न इलाकों में अब भी कई प्रत्याशियों के बैनर, पोस्टर और होर्डिंग्स लगे दिखाई दे रहे हैं। मुख्य सड़कों, चौक-चौराहों और वार्ड क्षेत्रों में चुनावी प्रचार सामग्री की मौजूदगी को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। चुनावी नियमों के मुताबिक प्रचार अवधि समाप्त होने के बाद सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार की चुनाव सामग्री प्रदर्शित करना आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन माना जाता है। इसके बावजूद कुछ प्रत्याशियों द्वारा खुलेआम नियमों की अनदेखी किए जाने की चर्चा है, जिससे यह संदेश जा रहा है कि मानो वे खुद को कानून से ऊपर समझ रहे हों। सूत्रों के अनुसार प्रशासनिक टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और जहां भी आचार संहिता का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। प्रशासन ने सभी प्रत्याशियों से स्वेच्छा से अपने बैनर-पोस्टर हटाने की अपील भी की है। वहीं मतदाताओं से शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान में भाग लेने की अपील की गई है तथा किसी भी प्रकार के प्रलोभन या दबाव में न आने की सलाह दी गई है। अब शहरवासियों की निगाहें मतदान दिवस और उसके परिणामों पर टिकी हुई हैं।

