13 वर्षीया युवती का शव घर के बल्ले से लटका हुआ मिला
बेगुसराय:घर में किशोरी को अकेली देख मनचलों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसकी हत्या कर घर मे ही शव लटका दिया। मामला जगदर गांव के नटबाबा स्थान के पास का है। शुक्रवार को सुरेश तांती की 13 वर्षीया पुत्री चांदनी कुमारी का शव घर के बल्ले से लटका पाया गया। परिजनों ने बताया कि चांदनी की मां अपने बच्चों को लेकर गेहूं काटने खेत गई हुई थी। चांदनी घर में खाना बनाने के लिए रुक गई थी। इसी बीच उसका भाई गुलशन कुमार खाना लेने के लिए घर आया तो अपनी बहन को फंदे से लटका पाया।
चांदनी के गले में साड़ी बांध कर घर के बल्ले में फंसा दिया गया था। हालांकि उसका पैर जमीन को छू रहा था। बहन की ऐसी स्थिति देख भाई ने तुरंत फंदा खोल कर नीचे उतारा। वहां जुटे लोगों ने बताया कि मामला दुष्कर्म का है। 3-4 मनचले लड़कों को वहां दोपहर में लोगों ने देखा था। आशंका है कि घर में लड़की को अकेली देख उसके साथ दुष्कर्म की गई है और बाद में उसकी गला दबा कर हत्या कर दी गई। हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए सबों ने मिलकर उसे उसके ही घर में टांग दिया। इस बीच सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष समरेन्द्र कुमार,एएसआई एके मिश्रा और महिला थाना बेगूसराय की इंस्पेक्टर अवंती कुमारी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। इस दौरान पुलिस ने बताया कि लड़की के गले व पीठ पर जख्म के निशान मिले हैं। उसके कपड़े भी फ़टे हुए हैं। शुरुआती जांच से लगता है कि लड़की के साथ मारपीट कर उसकी हत्या की गई है।
दुष्कर्म की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता है,पर यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। परिजनों ने बताया कि चांदनी मध्य विद्यालय जगदर में सातवीं कक्षा में पढ़ती थी। वह पढ़ने में काफी मेधावी व सौम्य स्वभाव की लड़की थी। उसके पिता दो साल से प्रदेश में हैं। मां मजदूरी कर बच्चों को पाल रही है। अचानक पुत्री की हत्या से मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था।

