134वें डूरंड कप ट्रॉफी का XLRI सभागार में भव्य अनावरण राज्यपाल संतोष गंगवार एवं मंत्री रामदास सोरेन रहे मुख्य आकर्षण, सेना और संस्कृति का हुआ संगम
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।देश के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप के 134वें संस्करण की ट्रॉफी का XLRI सभागार, जमशेदपुर में सोमवार को भव्य अनावरण किया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन के मुख्य अतिथि झारखंड के माननीय राज्यपाल श्री संतोष गंगवार एवं विशिष्ट अतिथि स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता मंत्री श्री रामदास सोरेन रहे। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय सशस्त्र सेनाओं द्वारा किया गया, जिसमें झारखंड सरकार ने अपना सहयोग प्रदान किया।

समारोह में जिले के उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री पीयूष पांडेय, खेल निदेशक श्री शेखर जमुआर, सेना के वरिष्ठ अधिकारी श्री मोहित मल्होत्रा एवं परमजीत सिंह डागर, टाटा स्टील के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी, पुलिस-प्रशासनिक पदाधिकारी और गणमान्य अतिथि शामिल हुए।

राज्यपाल ने की खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की बात
राज्यपाल श्री गंगवार ने कहा, “डूरंड कप का आयोजन राज्य के लिए गर्व का विषय है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में अनुशासन, ऊर्जा और टीम भावना का विकास होता है।” उन्होंने बताया कि झारखंड के युवा अंतरराष्ट्रीय मंच पर तेजी से उभर रहे हैं और केंद्र-राज्य सरकारें खेलों के माध्यम से उन्हें प्रोत्साहित कर रही हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए आयोजन की सफलता के लिए भारतीय सेना व स्थानीय प्रशासन की सराहना की।

राज्य सरकार की खेल नीति को मंत्री ने बताया प्रभावी
मंत्री श्री रामदास सोरेन ने कहा, “राज्य की नई खेल नीति का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन और मंच उपलब्ध कराना है।” उन्होंने डूरंड कप को राज्य के लिए गौरव बताते हुए सभी टीमों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि सरकार खेलों को लेकर गंभीर प्रयास कर रही है।

लोकनृत्य व सेना की प्रस्तुति बनी आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम के दौरान झारखंड की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाते हुए छऊ और संथाली नृत्य प्रस्तुत किया गया। भारतीय सेना के जवानों द्वारा प्रस्तुत पंजाबी भांगड़ा ने भी लोगों का दिल जीत लिया। अतिथियों को स्मृति चिन्ह के रूप में फुटबॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।

जमशेदपुर दूसरी बार बना मेज़बान
गौरतलब है कि 134 वर्षों की परंपरा वाले डूरंड कप की मेज़बानी के लिए जमशेदपुर को दूसरी बार चुना गया है। JRD टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 24 जुलाई से 11 अगस्त 2025 तक मुकाबले आयोजित होंगे। इसमें जमशेदपुर FC, इंडियन आर्मी FT, त्रिभुवन आर्मी FC (नेपाल) और 1 लद्दाख FC की टीमें हिस्सा लेंगी।

ट्रॉफी टूर बना चर्चा का विषय
7 और 8 जुलाई को जमशेदपुर शहर के विभिन्न इलाकों में ट्रॉफी टूर आयोजित किया जा रहा है। इससे शहर के खेलप्रेमियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

