उपायुक्त का औचक निरीक्षण: सदर अस्पताल की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मरीजों से बातचीत कर जाना हाल, स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर दिए स्पष्ट निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने सोमवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने जनरल वार्ड, महिला वार्ड, प्रसव कक्ष, शिशु वार्ड, ओपीडी, इमरजेंसी कक्ष समेत विभिन्न विभागों का भ्रमण किया और अस्पताल में मौजूद चिकित्सीय संसाधनों, सफाई व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता, डॉक्टरों की उपस्थिति जैसी आधारभूत व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधी बातचीत की और मिल रही सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, भोजन की गुणवत्ता, जांच व्यवस्था जैसे बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मरीजों से किसी भी प्रकार की परेशानी के बारे में जानना चाहा और संतोषजनक उत्तर न मिलने पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

“सेवा में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं” – उपायुक्त श्री सत्यार्थी ने सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल को निर्देश दिया कि अस्पताल में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा देना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि सभी डॉक्टर एवं स्वास्थ्यकर्मी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करें। उन्होंने विशेष रूप से अस्पताल परिसर में नियमित सफाई, पेयजल व्यवस्था, मेडिकल उपकरणों की कार्यशीलता को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, एसीएमओ डॉ. जोगेश्वर प्रसाद, डीआरसीएचओ डॉ. रंजीत पांडा समेत अन्य चिकित्सा पदाधिकारी एवं अस्पतालकर्मी उपस्थित रहे।

