दुर्गा पूजा को देखते हुए जादूगोड़ा में 33 केवी केबलिंग कार्य पर रोक
खुले गड्ढों से हादसे की आशंका पर पूजा समितियों ने जताई नाराजगी, थाना प्रभारी ने संवेदक को लगाई फटकार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा। दुर्गा पूजा के मद्देनजर जादूगोड़ा बाजार की मुख्य सड़क के किनारे चल रहे 33 केवी अंडरग्राउंड केबलिंग कार्य पर प्रशासन ने रोक लगा दी है। सड़क किनारे जगह-जगह गहरे गड्ढे खोदे जाने से श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पूजा समितियों ने नाराजगी जताई थी। पूजा शुरू होने में महज दो दिन शेष रहने के कारण हादसे की आशंका बढ़ गई थी।
जानकारी के अनुसार, संवेदक विवेक कुमार सिंह की देखरेख में केबलिंग परियोजना के तहत खुदाई की जा रही थी। इसको लेकर दुर्गा पूजा समिति के वरिष्ठ सदस्यों गिरीश सिंह, संजू बारीक, अमित अग्रवाल और सुरेश साहू तथा भाजपा नेता रोहित सिंह परमार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जादूगोड़ा थाना प्रभारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पूजा के दौरान इसी सड़क से हजारों श्रद्धालु गुजरते हैं। भीड़भाड़, जाम और रात में रोशनी की स्थिति के बीच खुले गड्ढे बच्चों, महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं के लिए खतरा बन सकते हैं।
मामले पर तत्काल संज्ञान लेते हुए थाना प्रभारी ने संवेदक को फटकार लगाई और खुदाई का काम बंद करने के साथ खोदे गए गड्ढों को भरने का निर्देश दिया। साथ ही स्पष्ट किया कि पूजा तक किसी प्रकार की खुदाई नहीं होगी। पूजा संपन्न होने के बाद ही नियमानुसार काम शुरू किया जा सकेगा।
प्रशासन की कार्रवाई पर पूजा समितियों ने राहत जताते हुए आभार व्यक्त किया। समितियों को उम्मीद है कि इससे दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और आयोजन बिना किसी बाधा के संपन्न हो सकेगा।

