साकची हाई स्कूल में अंतर विद्यालय खो-खो प्रतियोगिता, 300 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
बालक वर्ग में पोटका और बालिका वर्ग में श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल बागबेड़ा बना विजेता
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। साकची हाई स्कूल परिसर में पूर्ववर्ती छात्र स्व. शुभोदीप मंडल की स्मृति में एक दिवसीय अंतर विद्यालय खो-खो प्रतियोगिता आयोजित की गई। अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग की इस प्रतियोगिता में 24 विद्यालयों की टीमों के 300 से अधिक छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। आयोजन में पूर्वी सिंहभूम खो-खो एसोसिएशन ने तकनीकी सहयोग दिया।
बालक वर्ग में उत्क्रमित उच्च विद्यालय, पोटका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि संत रॉबर्ट स्कूल, परसुडीह उपविजेता और टाटा वर्कर्स यूनियन हाई स्कूल, सिदगोड़ा द्वितीय उपविजेता रहा। बालिका वर्ग में श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल, बागबेड़ा विजेता बना। सरदार वल्लभभाई पटेल स्मारक उच्च विद्यालय, छोटा गोविंदपुर ने दूसरा और मध्य विद्यालय, गदड़ा ने तीसरा स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला खेल पदाधिकारी एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रूपा रानी तिर्की सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, पदक और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में जिला खो-खो एसोसिएशन के आठ तकनीकी अधिकारियों और रेड क्रॉस सोसाइटी, जमशेदपुर ने सहयोग दिया।

