दुर्गा पूजा को लेकर खोदावंदपुर थाना परिसर में शांति समिति की हुई बैठक, डीजे व अश्लील गीतों पर प्रतिबंध
राष्ट्र संवाद संवाददाता
राजेश कुमार,खोदावंदपुर/बेगूसराय। आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बुधवार की शाम खोदावंदपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने पूजा समितियों को सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पूजा आयोजन करने की अपील की. बैठक को संबोधित करते हुए मंझौल एसडीएम अमित कुमार सिंह ने कहा कि दुर्गा पूजा के आयोजन के लिए सभी पूजा समितियों को लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा. पूजा पंडालों में डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, साथ ही अश्लील गीत बजाने पर भी रोक रहेगी. उन्होंने पूजा पंडालों में बिजली की व्यवस्था सुरक्षित तरीके से करने तथा पंडाल की ऊंचाई समेत अन्य व्यवस्थाओं में निर्धारित मानकों का पालन करने का निर्देश दिया. एसडीएम ने पूजा समितियों से आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में पूजा संपन्न कराने की अपील की. वहीं बीडीओ मिथिलेश बिहारी वर्मा ने भी पूजा समितियों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की. थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने कहा कि पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह तत्पर रहेगा. मिली जानकारी के अनुसार खोदावंदपुर प्रखंड क्षेत्र के सागीडिह, नारायणपुर, चलकी, बाड़ा, तेतराही, पथराहा, मसुराज, बरियारपुर पश्चिमी, मालपुर एवं मेघौल सहित विभिन्न गांवों के दुर्गा मंदिरों में माता दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाती है. आगामी 11 अक्टूबर को कलश स्थापना के साथ नवरात्र शुरू होगा. 17 अक्टूबर को देवी दुर्गा का जागरण, 18 अक्टूबर को प्रथम मेला, 19 अक्टूबर को नवमी तथा 21 अक्टूबर को विजयादशमी मनायी जायेगी. बैठक में पूर्व मंत्री अशोक कुमार, अपर थानाध्यक्ष किशन कुमार, पुअनि परमानंद मंडल, अशोक कुमार, रालोमो युवा प्रदेश महासचिव तरुण कुमार रौशन, मेघौल पंचायत के मुखिया पुरुषोत्तम सिंह, सरपंच नैयर आलम, भोला पासवान, प्रखंड जदयू अध्यक्ष नवीन कुमार छोटू, प्रखंड राजद अध्यक्ष जियाउर रहमान, प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद नाज हसन, पूर्व मुखिया टिंकू राय, राम पदारथ महतो, माले नेता अवधेश कुमार, समाजसेवी जयदेव कुमार सिन्टु, कैलाश यादव, तरुण कुमार रौशन, प्रकाश चंद्र गुप्ता सहित पूजा समितियों के लाइसेंसधारी, सामाजिक कार्यकर्ता, पंचायत प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे.

