तुलसी भवन में हिन्दी दिवस पर शिक्षक कार्यशाला एवं सम्मान समारोह सम्पन्न

राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सिंहभूम जिला हिन्दी साहित्य सम्मेलन/तुलसी भवन द्वारा हिन्दी दिवस पर एक दिवसीय हिन्दी शिक्षक कार्यशाला सह शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यशाला में ‘आधुनिक शिक्षक और रुचिकर हिन्दी शिक्षण’ तथा ‘हिन्दी शिक्षण का औचित्य और भाषा संवर्धन’ विषय पर विशेषज्ञ डॉ. मोनिका उप्पल और डॉ. जंग बहादुर पाण्डेय ने मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अरुण कुमार तिवारी ने तथा संचालन पूनम महानंद ने किया।

इस अवसर पर ‘श्रेष्ठ हिन्दी शिक्षक सम्मान’ साकची हाई स्कूल के सेवानिवृत्त शिक्षक एवं वरिष्ठ कवि शेषनाथ सिंह शरद को प्रदान किया गया। उन्हें पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह, प्रमाणपत्र व ₹11,000 की राशि दी गई।
कार्यक्रम का आरंभ दीप प्रज्वलन व सरस्वती वंदना से हुआ। स्वागत भाषण डॉ. प्रसेनजित तिवारी तथा धन्यवाद ज्ञापन रामनन्दन प्रसाद ने दिया।
समापन अवसर पर नगर के 30 विद्यालयों से आए 64 हिन्दी शिक्षकों को सम्मानित किया गया। मौके पर डॉ. रागिनी भूषण, डॉ. यमुना तिवारी ‘व्यथित’, अरुणा भूषण शास्त्री, प्रसन्न वदन मेहता, डॉ. अनिता निधि, सुरेश चंद्र झा, मुदिता चंद्रा, जितेश तिवारी सहित अनेक साहित्यकार उपस्थित थे।

