शादी का वादा निभाएं, पहले आत्मनिर्भर बनें युवा : आनंदीबेन पटेल
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने युवाओं को रिश्तों और जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि 13-14 साल की उम्र में किसी लड़की को मां बनाकर छोड़ देना गलत है। गर्लफ्रेंड बनाने में कोई बुराई नहीं है, लेकिन यदि शादी का वादा किया है तो उसे निभाना भी जरूरी है। युवाओं को पहले आत्मनिर्भर बनना चाहिए, ताकि वे परिवार की जिम्मेदारी उठा सकें।
राज्यपाल गुरुवार को लखनऊ स्थित महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के सातवें दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रही थीं। कार्यक्रम में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय भी मौजूद रहे।
आनंदीबेन पटेल ने युवाओं से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग देश के विकास और रचनात्मक कार्यों में करने का आह्वान किया। उन्होंने तकनीक के सकारात्मक इस्तेमाल पर जोर दिया।
गौरतलब है कि करीब तीन महीने पहले डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के 24वें दीक्षांत समारोह में भी राज्यपाल ने प्रेम विवाह और रिश्तों को लेकर युवाओं को नसीहत दी थी। उन्होंने कहा था कि वह प्रेम विवाह के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन युवाओं को शादी का फैसला तभी करना चाहिए, जब वे आत्मनिर्भर होकर परिवार की जिम्मेदारी उठाने में सक्षम हों। उन्होंने पढ़ाई के दौरान कम उम्र में गर्भधारण और बच्चों की जिम्मेदारी से जुड़ी चुनौतियों पर भी चिंता जताई थी।

