विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से संवाद कर युवाओं ने समझी लोकतंत्र की कार्यप्रणाली
महिलाओं की रोजगार में भागीदारी बढ़ाने और नीतिगत सुधारों को लेकर युवाओं ने रखे सुझाव
राष्ट्र संवाद संवाददाता लखनऊ। एफआईसीसीआई फ्लो कानपुर ने वन फ्यूचर कलेक्टिव के सहयोग से आयोजित यूथ पॉलिसी कॉन्क्लेव के प्रतिभागियों को उत्तर प्रदेश विधान सभा का भ्रमण कराया। इस दौरान युवाओं ने लोकतांत्रिक व्यवस्था और विधायी प्रक्रिया को करीब से समझा। विद्यार्थियों को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से सीधे संवाद करने का अवसर भी मिला।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने युवाओं से संवाद करते हुए लोकतंत्र को मजबूत बनाने में विधानमंडल की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवाओं का लोकतांत्रिक संस्थाओं को समझने के साथ उनमें सक्रिय भागीदारी करना भी जरूरी है। युवाओं को जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपनी राय और सुझाव सामने रखने चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान, संसदीय परंपराओं और विधायी प्रक्रिया की जानकारी देते हुए सार्वजनिक जीवन में सकारात्मक भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने बताया कि विधानसभा जनता की आकांक्षाओं और समस्याओं को नीतियों एवं कानूनों में बदलने का महत्वपूर्ण मंच है। इस दौरान विद्यार्थियों को प्रश्नकाल, सदन में चर्चा, विधेयकों और अन्य संसदीय प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। साथ ही, विधानसभा को आधुनिक, तकनीक-सक्षम और प्रभावी बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों, ई-विधान व्यवस्था तथा डिजिटल तकनीक के उपयोग से भी अवगत कराया गया।
एफआईसीसीआई फ्लो कानपुर की चेयरपर्सन अंकिता गर्ग और वाइस चेयरपर्सन आरुषि गर्ग टंडन के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल में डॉ. शेफाली राज, प्रियंका मलानी और दिशा अरोड़ा शामिल रहीं। विभिन्न महाविद्यालयों एवं संस्थानों के 90 से अधिक विद्यार्थियों ने विधानसभा का भ्रमण किया। वहीं, एमपीजीआई, केआईटी, वीएसएसडी, एजीओआई और जागरण, कानपुर के 28 विद्यार्थियों ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना तथा विधायक डॉ. सुरभि के साथ विशेष गोलमेज चर्चा में भाग लिया।
चर्चा के दौरान युवाओं ने शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, कार्यस्थल पर समान अवसर और महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने जैसे विषयों पर नीतिगत सुझाव प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने महिलाओं के लिए रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें नीति निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
विधानसभा परिसर के भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने इसकी ऐतिहासिक एवं लोकतांत्रिक महत्ता को जाना। उन्होंने अध्यक्ष से संवाद और सदन की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से देखने के अनुभव को प्रेरणादायी बताया।
एफआईसीसीआई फ्लो कानपुर की चेयरपर्सन अंकिता गर्ग ने कहा कि युवाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं से जोड़ने और उनके विचारों को सुनने की पहल सराहनीय है। ऐसे संवाद युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने विशेष रूप से युवा महिलाओं को नीति निर्माण और सार्वजनिक जीवन में भागीदारी के अवसर देने पर जोर दिया, ताकि वे अपनी प्रतिभा एवं विचारों से समाज और देश के विकास में प्रभावी योगदान दे सकें।

