कोकदा में खूनी संघर्ष, एक ही परिवार पर दो बार हमला; तीन गंभीर घायल
*करीब दो दर्जन लोगों पर मारपीट और लूटपाट का आरोप, पीड़ित परिवार ने जादूगोड़ा थाने में दी संयुक्त शिकायत*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, जादूगोड़ा।
जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के कोकदा गांव में आपसी विवाद को लेकर एक ही परिवार पर दो बार हमला करने और लूटपाट का आरोप लगा है। घटना 21 अक्टूबर की है। पीड़ित चक्रधर भक्त (48) ने परिवार के पांच सदस्यों की ओर से जादूगोड़ा थाना में संयुक्त लिखित शिकायत देकर करीब दो दर्जन लोगों पर जानलेवा हमला, मारपीट और सामान छीनने का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार, आवेदन मिला है और मामले की जांच की जा रही है।
शिकायत के मुताबिक, शाम करीब 4:30 बजे लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और फावड़ा लेकर पहुंचे लोगों ने गाली-गलौज करते हुए चक्रधर भक्त के घर पर धावा बोल दिया। ग्रामीणों के हस्तक्षेप से उस समय मामला शांत हो गया। आरोप है कि रात करीब 8:30 बजे चक्रधर का बड़ा बेटा और साला बाइक से गोविंदपुर जा रहे थे। कोकदा मध्य विद्यालय के पास पहले से घात लगाए लोगों ने बाइक रोककर उन्हें घेर लिया और लाठी, लोहे की पाइप, फावड़ा तथा ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे छोटे बेटे को भी पीटा गया। हमले में तीनों के सिर, छाती, कमर और आंखों में गंभीर चोटें आने की बात शिकायत में कही गई है।
*नकदी, दस्तावेज और चांदी के आभूषण छीनने का आरोप*
पीड़ित के अनुसार, मारपीट के दौरान हमलावर केनरा बैंक का एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, बाइक संख्या जेएच 05 बीएम 5178 की ऑनर बुक, आठ हजार रुपये नकद, चांदी की चेन और चांदी का ब्रेसलेट छीन ले गए। चक्रधर की पत्नी लक्ष्मी प्रिया भक्त जब बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की की गई और उन्हें धमकी देकर चोट पहुंचाई गई। किसी तरह जान बचाकर परिवार के सदस्य वहां से निकले।
*इन लोगों पर लगाया आरोप*
शिकायत में मलय भगत, महावीर भगत, संजय भगत, गौतम भगत, गद्दाधर भगत और नरेश भगत समेत गांव के करीब दो दर्जन लोगों को आरोपी बताया गया है। पीड़ित परिवार ने जानलेवा हमले और लूटपाट के आरोपों में प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

