पिता की हत्या के आरोप में बेटा गिरफ्तार, 24 घंटे में हत्याकांड का खुलासा
*धातकीडीह में 58 वर्षीय अशोक नायक की हत्या; आरोपी की निशानदेही पर खून लगा चाकू, ईंट और कपड़े बरामद*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
सीनी ओपी क्षेत्र के धातकीडीह गांव में 58 वर्षीय अशोक नायक की हत्या के मामले में पुलिस ने उनके बेटे अर्जुन नायक उर्फ पाण्डेय जी (25) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है। उसकी निशानदेही पर कथित तौर पर हत्या में प्रयुक्त खून लगा चाकू, ईंट और खून लगे कपड़े बरामद किए गए हैं।
गुरुवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अशोक नायक की पत्नी पार्वती नायक (48) की लिखित शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, इस संबंध में सीनी ओपी कांड संख्या 107/2026, दिनांक 20 अक्टूबर 2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार अर्जुन नायक महलीसाई, निचला टोला, धातकीडीह का निवासी है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं और बरामद साक्ष्यों की जांच कर रही है।
कार्रवाई में सीनी ओपी प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक गौरव कुमार, सहायक अवर निरीक्षक सुगदा हांसदा और सीनी ओपी के रिजर्व गार्ड शामिल थे।

