यूसिल की करोड़ों की सुरक्षा बेअसर, छह महीने में दूसरी बार चोरी
*जादूगोड़ा मार्केट में आटा चक्की का शटर तोड़ 12 हजार का गेहूं ले गए चोर; दो करोड़ की चारदीवारी के बावजूद आधा दर्जन से अधिक वारदातें*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, जादूगोड़ा।
जादूगोड़ा यूसीआईएल कॉलोनी के मुख्य मार्केट में चोरी की लगातार घटनाओं ने प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीती रात अज्ञात चोरों ने आनंद गुप्ता की आटा चक्की का शटर तोड़कर करीब 12 हजार रुपये का गेहूं चुरा लिया। छह महीने में उनकी दुकान में यह दूसरी चोरी है। इससे पहले चोर 10 बोरा गेहूं ले गए थे। दुकानदार ने जादूगोड़ा थाना में लिखित शिकायत दी है। मार्केट में अब तक आधा दर्जन से अधिक बार ताला तोड़कर चोरी हो चुकी है।
*दो करोड़ की चारदीवारी, फिर भी सुरक्षा पर सवाल*
कॉलोनी की सुरक्षा के लिए करीब दो करोड़ रुपये की लागत से चारदीवारी, तार फेंसिंग और सुरक्षा गार्डों की तैनाती की गई है। यूसीआईएल हर साल सुरक्षा पर करोड़ों रुपये खर्च करता है, इसके बावजूद चोर बेखौफ वारदात को अंजाम दे रहे हैं। दुकानदारों का आरोप है कि रात में गार्ड ड्यूटी के दौरान सोते या मोबाइल चलाते हैं, गश्ती नहीं होती और सीसीटीवी की निगरानी भी ठीक से नहीं की जाती। बार-बार शिकायत के बावजूद प्रबंधन द्वारा सुरक्षा ऑडिट, गार्डों की जवाबदेही और सुरक्षा एजेंसी पर कार्रवाई नहीं किए जाने पर भी सवाल उठ रहे हैं।
*जर्जर क्वार्टरों में नशेड़ियों का जमावड़ा*
स्थानीय लोगों के अनुसार, कॉलोनी के कई जर्जर और खाली क्वार्टर नशेड़ियों व जुआरियों के अड्डे बन गए हैं। शाम होते ही असामाजिक तत्व जुटने लगते हैं, जिससे लोगों में दहशत है। दूसरी ओर, सुरक्षा के नाम पर मुख्य गेट बंद रखा जाता है और पैदल यात्रियों व दोपहिया वाहनों के लिए महज चार फीट चौड़ा रास्ता छोड़ा गया है। संकरे रास्ते और बड़े स्पीड ब्रेकर से रात में दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
*गश्ती बढ़ाने और कार्रवाई की मांग*
दुकानदारों ने रात्रि गश्ती बढ़ाने, जिम्मेदार गार्ड तैनात करने, सीसीटीवी व रोशनी की व्यवस्था दुरुस्त करने, लापरवाह सुरक्षा एजेंसी और गार्डों पर कार्रवाई करने तथा मुख्य गेट से आवागमन सुगम बनाने की मांग की है। लगातार चोरी के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं होने से यूसीआईएल प्रबंधन की जवाबदेही पर सवाल कायम हैं।

