चाय वाला बना करोड़पति, जादूगोड़ा में उठे सवाल – भाजपा नेता ने संपत्ति जांच की मांग की
राष्ट्र संवाद मुख्य संवाददाता
जादूगोड़ा: थाना क्षेत्र में एक चाय विक्रेता रमेश दास के अचानक करोड़पति बनने से क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि रमेश दास ने पिछले दो वर्षों में कई बड़ी जमीनें खरीदीं, सुंदरनगर में बड़ी दुकान खोली और कई मकान बनाए।

ग्रामीणों का कहना है कि उसके परिवार के कुछ लोग साइबर अपराध और सट्टेबाजी से जुड़े हैं, जिससे अवैध रूप से कमाई हो रही है। आरोप है कि रमेश दास का बेटा राजा दास कई बार विदेशी टूर कर चुका है और क्रिकेट खिलाड़ियों को फाइनेंस करता है। स्थानीय युवाओं का कहना है कि क्रिकेट सट्टेबाजी में बड़े पैमाने पर पैसा लगाया जाता है और यही अचानक संपत्ति का प्रमुख स्रोत हो सकता है। ग्रामीणों ने इस संपत्ति की जांच की मांग की है। भाजपा नेता रोहित सिंह ने भी प्रशासन से जांच कर कार्रवाई करने की मांग की। लोगों का कहना है कि विरोध करने वालों को तोहफे देकर चुप करा दिया जाता है।

रमेश दास का कहना है मैं 30 वर्षों से ट्रेन में चाय बेचने का काम करता आ रहा हूं और रोजाना 700-800 रुपये कमाता हूं। जब एक चायवाला प्रधानमंत्री बन सकता है तो चायवाला करोड़पति क्यों नहीं बन सकता।प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद मामले की प्राथमिक जांच शुरू कर दी गई है। राजस्व और पुलिस विभाग को आय के स्रोत की जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है।


