टाटा पावर सोलरूफ ने दूसरी तिमाही में 88 हजार से अधिक इंस्टॉलेशन किए
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 6 अक्टूबर। टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी लिमिटेड की टाटा पावर सोलरूफ ने वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में 88,397 रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन किए, जो पिछले वर्ष की समान अवधि से 33 प्रतिशत अधिक हैं। इस दौरान स्थापित क्षमता 426 मेगावाट-पीक रही, जिसमें 15 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
वित्त वर्ष की पहली छमाही में कंपनी ने 1,68,530 से अधिक इंस्टॉलेशन किए, जो सालाना आधार पर 50 प्रतिशत वृद्धि है। कुल क्षमता 801 मेगावाट-पीक पहुंच गई। कंपनी का देशभर में कुल रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन 5.75 लाख और स्थापित क्षमता 5.67 गीगावाट-पीक से अधिक हो गई है।
पहली छमाही में उत्तर प्रदेश 44,014 इंस्टॉलेशन के साथ सबसे आगे रहा। महाराष्ट्र में 22,165, राजस्थान में 21,275 और केरल में 15,477 इंस्टॉलेशन हुए। कंपनी प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना और ‘घर-घर सोलर’ अभियान के जरिए देश में रूफटॉप सोलर को बढ़ावा दे रही है।
