टाटा मोटर्स यूनियन की कमेटी बैठक सम्पन्न, 28 जुलाई को भव्य रूद्राभिषेक का आयोजन बोनस को लेकर जल्द सौंपा जाएगा मांग पत्र, सेवादारों को किया गया सम्मानित
राष्ट्र संवाद संवाददाता जमशेदपुर:टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन की कार्यकारिणी की बैठक बुधवार को यूनियन परिसर स्थित गोपेश्वर हॉल में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने की, जबकि विषय प्रवेश महामंत्री आर.के. सिंह ने कराया। बैठक में आगामी 28 जुलाई को आयोजित होने वाले रूद्राभिषेक कार्यक्रम एवं बोनस को लेकर चर्चा की गई।

महामंत्री आर.के. सिंह ने कहा कि यूनियन के सौजन्य से तथा सभी सदस्यों के सहयोग से आयोजित रक्तदान शिविर एवं रूद्राभिषेक कार्यक्रम शहर में चर्चा का विषय बन चुका है। उन्होंने सभी सदस्यों से इस बार भी कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु सुझाव व सहयोग देने की अपील की।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि बोनस को लेकर यूनियन जल्द ही प्रबंधन को मांग पत्र सौंपेगी, ताकि यह समय पर सुनिश्चित हो सके। बैठक का संचालन प्रकाश विश्वकर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अनिल शर्मा ने किया।

इस अवसर पर हाल ही में बाबाधाम यात्रा के दौरान सेवा देने वाले सेवादारों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। उन्हें यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद व महामंत्री आर.के. सिंह ने सम्मानित किया। बैठक में यूनियन के सभी पदाधिकारी, कमेटी मेंबर तथा आर.के. सिंह फैंस क्लब के सदस्य उपस्थित रहे।


