आनंद मार्ग के विश्व मंच पर सुनील आनंद आठवीं बार जनसेवा पुरस्कार से सम्मानित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। आनंद मार्ग के विश्वस्तरीय धर्म महासम्मेलन में जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सुनील आनंद को आठवीं बार जनसेवा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान आनंद मार्ग के मुख्यालय, आनंद नगर (पुरुलिया) में आयोजित महासम्मेलन के दौरान श्रद्धेय पुरोधा प्रमुख आचार्य विश्वदेवानंद अवधूत द्वारा प्रदान किया गया।
यह पुरस्कार संस्था की वार्षिक रिपोर्ट के आधार पर विश्व स्तर पर चयनित जनसेवा कार्यों के लिए दिया जाता है। सुनील आनंद को रक्तदान शिविर, मोतियाबिंद जांच व निशुल्क लेंस प्रत्यारोपण, डायन व बलि प्रथा के खिलाफ जागरूकता, नव्य मानवतावादी सिद्धांतों तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए गए कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
सुनील आनंद इससे पूर्व वर्ष 2017, 2019, 2020, 2022, 2023 (दो बार), 2024 में भी जनसेवा पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं। 1 जनवरी 2026 को उन्हें आठवीं बार यह सम्मान मिला।
जनवरी से 29 दिसंबर 2025 तक की रिपोर्ट के अनुसार आनंद मार्ग प्रचारक संघ एवं AMURT ग्लोबल की टीम ने उनके नेतृत्व में 65 मोतियाबिंद जांच शिविर आयोजित कर करीब 1000 लोगों का इलाज किया, 21 रक्तदान शिविरों में लगभग 1000 यूनिट रक्त संग्रह किया, 3000 पौधे व 5000 बीज बॉल वितरित किए, 300 कंबल, 200 साड़ी-धोती वितरण किए गए, 15 बच्चों का ऑपरेशन कराया गया तथा 24 नारायण सेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए।
लगातार आठवीं बार सम्मान मिलने पर सुनील आनंद ने इसे पूरी टीम और जनसेवा में लगे सभी सहयोगियों की सामूहिक उपलब्धि बताया।

