जमशेदपुर में श्रद्धा-भक्ति और उत्साह के साथ हुआ नववर्ष 2026 का स्वागत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। शहरवासियों ने नववर्ष 2026 का स्वागत पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया। गुरुवार सुबह से ही शहर के विभिन्न मंदिरों में भक्तजन भगवान की आराधना में लीन नजर आए। इस क्रम में एनएच-33 स्थित पारडीह काली मंदिर में आस्था का विशेष नजारा देखने को मिला। नववर्ष के पहले दिन मंदिर का स्थापना दिवस भी मनाया गया, जिस अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन हुआ। हजारों की संख्या में साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा में भाग लिया।
पूजा-अर्चना के बाद मंदिर परिसर में भव्य महा भंडारे का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर परिसर जयकारों और भक्ति संगीत से गूंज उठा। इस अवसर पर जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष महंत विद्यानंद सरस्वती ने कहा कि नववर्ष के पहले दिन मंदिरों में उमड़ी भीड़ यह दर्शाती है कि युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति और धर्म की ओर लौट रही है। उन्होंने सभी से आस्था बनाए रखने और धर्म के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
वहीं शहर के बीचो-बीच स्थित ऐतिहासिक जुबिली पार्क में भी नववर्ष के अवसर पर सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ी। लोग सपरिवार जुबिली पार्क पहुंचे और गुनगुनी धूप के बीच पिकनिक व जंगल सफारी का आनंद लिया। हर साल की तरह इस वर्ष भी सर्दियों के मौसम में टाटा प्रबंधन द्वारा पार्क को विशेष रूप से सजाया-संवारा गया है। सर्दियों में जुबिली पार्क की खूबसूरती न केवल शहरवासियों बल्कि बंगाल और ओडिशा सहित अन्य राज्यों से आने वाले सैलानियों को भी आकर्षित कर रही है।

