स्टील सिटी क्लासिक चैम्पियनशिप 2026 – सीजन 2: फिटनेस के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित करने की तैयारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: आगामी 3, 4 एवं 5 अप्रैल 2026 को राजस्थान भवन, जमशेदपुर , झारखंड में आयोजित होने जा रही स्टील सिटी क्लासिक चैम्पियनशिप 2026 – सीजन 2 को लेकर आज एक भव्य प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर आयोजन प्रमुख सुदेशना रॉय ने अपने प्रेरणादायक विचार साझा करते हुए कहा,
“हमारा उद्देश्य केवल एक प्रतियोगिता कराना नहीं है, बल्कि झारखंड में फिटनेस को एक आंदोलन का रूप देना है। हम चाहते हैं कि हर युवा अपनी क्षमता को पहचाने, अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता दे और एक सकारात्मक जीवनशैली अपनाए।”
उन्होंने आगे कहा,
“इस बार हमने यह सुनिश्चित किया है कि हर प्रतिभागी को एक बड़ा और सम्मानजनक मंच मिले। अत्यंत किफायती प्रवेश शुल्क के साथ हमने इस प्रतियोगिता को हर वर्ग के खिलाड़ियों के लिए सुलभ बनाया है, ताकि कोई भी प्रतिभा केवल संसाधनों की कमी के कारण पीछे न रह जाए।”
सुदेशना रॉय ने यह भी बताया कि प्रतियोगिता में विजेताओं को आकर्षक नगद पुरस्कार, भव्य ट्रॉफियां, पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। साथ ही प्रतिभागियों के लिए भोजन एवं आवास की समुचित व्यवस्था भी की गई है, जिससे वे बिना किसी चिंता के अपने प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
उन्होंने उत्साह व्यक्त करते हुए कहा,
“हमें गर्व है कि पूरे झारखंड से खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए उत्साहित हैं। यह आयोजन न केवल प्रतिभाओं को मंच देगा, बल्कि राज्य के फिटनेस स्तर को एक नई ऊंचाई तक ले जाएगा।”
इस प्रेस वार्ता में संजीव महतो, निशा, प्रिया कुमारी, डॉली सिंह, गणेश कांड, अमन पाठक, आनंद कुमार, संजीत कुमार एवं अनंत लोहरा सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने हेतु अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
अंत में आयोजकों ने सभी खिलाड़ियों एवं फिटनेस प्रेमियों से अपील की है कि वे इस भव्य आयोजन का हिस्सा बनें और इसे सफल बनाएं।

