रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात असामाजिक तत्वों की एक हैरान करने वाली करतूत सामने आई, जहां घर के बाहर खड़ी एक नई स्कूटी को आग के हवाले कर दिया गया। घटना का खुलासा मंगलवार सुबह तब हुआ जब परिवार के सदस्य नींद से जागे और स्कूटी को पूरी तरह जली हुई हालत में देखा। इस अप्रत्याशित घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में भय का माहौल बन गया है। मिली जानकारी के अनुसार कोतवालवादी निवासी स्कूटी मालिक जगमोहन पाड़ेया ने बताया कि उन्होंने हाल ही में 18 मार्च को ही शो-रूम से नई स्कूटी खरीदी थी। महज कुछ ही दिनों में इस तरह की घटना ने उन्हें गहरे सदमे में डाल दिया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि यह वारदात आधी रात के आसपास अंजाम दी गई, जब सभी लोग अपने-अपने घरों में सो रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही मामला थाने तक पहुंचा और परिजनों द्वारा लिखित आवेदन भी दिया गया है। हालांकि हैरानी की बात यह है कि स्कूटी मालिक या परिवार के किसी सदस्य ने किसी पर भी संदेह जाहिर नहीं किया है। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि जब तक परिजन किसी पर शक नहीं जताते या कोई ठोस जानकारी नहीं देते, तब तक जांच को आगे बढ़ाने में कठिनाई हो सकती है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। इस घटना ने न सिर्फ पीड़ित परिवार को नुकसान पहुंचाया है, बल्कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग रात के समय गश्त बढ़ाने और ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

