राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के सोड़ो टोला दयालटांड़ में गुरुवार को नवरात्रि के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन एआईएस एमजे डब्ल्यूए के प्रदेश उपाध्यक्ष व वरिष्ठ पत्रकार अरुण माझी ने फीता काटकर किया।
मुख्य अतिथि अरुण माझी ने अपने संबोधन में कहा कि हमारी संस्कृति ही हमारी पहचान है और इसे संजोए रखना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से कार्यक्रम का आनंद लेने और खुशियां साझा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग हंसना भी भूलते जा रहे हैं, ऐसे में इस तरह के कार्यक्रम मनोरंजन के साथ-साथ मानसिक सुकून भी देते हैं।
कार्यक्रम में जमशेदपुर के लघु डांस ग्रुप ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों ने “ओ दीवानी तेरी दीवानी” जैसे गीतों पर शानदार प्रस्तुति दी, जिस पर युवा जमकर थिरके। कार्यक्रम की शुरुआत शिव तांडव नृत्य से हुई, जिसने माहौल को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में युवाओं के साथ-साथ बुजुर्ग और बच्चे भी डांस की धुन पर झूमते नजर आए। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम देखने पहुंचे, जिससे पूरे क्षेत्र में मेले जैसा माहौल बन गया।
मौके पर दिलीप महतो, दुर्गा महतो, गणपति महतो, जागरू महतो, रवि महतो, मालखान महतो, जगन्नाथ महतो, कालोशशी महतो सहित समिति के कई सदस्य उपस्थित रहे।

