सोनारी मरीन ड्राइव फायरिंग: मुख्य आरोपी मोहन यादव चंडीगढ़ से गिरफ्तार, हथियार और बाइक बरामद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग के मामले में जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी मोहन यादव को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। उसके साथ बाइक चलाने वाले साथी को भी पुलिस ने पकड़ लिया है।
निशानदेही पर पिस्तौल और बाइक बरामद
पुलिस के अनुसार, मोहन यादव की निशानदेही पर फायरिंग में इस्तेमाल की गई पिस्तौल और शूटरों की मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है। शूटरों को बाइक व अन्य सामान उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति को भी गिरफ्तार किए जाने की जानकारी है। दोनों आरोपियों को पुलिस जमशेदपुर लेकर आ रही है। पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर सकती है।
अजीत मंडल और दो साथियों की तलाश
इधर, शूटर अजीत मंडल और उसके दो साथियों के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना पर पुलिस ने रविवार को कई स्थानों पर घेराबंदी की। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले तीनों वहां से फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
चार आरोपी 72 घंटे की रिमांड पर
मामले में छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार मनोज सरकार, टिटू शर्मा, दीपू ओझा और शंकर मुंडा को 72 घंटे की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में पुलिस को घटना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की बात सामने आई है।
26 सितंबर को हुई थी फायरिंग
गौरतलब है कि 26 सितंबर को उडुपी रेस्टोरेंट में बाइक सवार दो युवकों ने करीब 12 राउंड फायरिंग की थी। गोलीबारी में कदमा जयप्रभा कॉम्प्लेक्स निवासी डोमनिक सैमसंग, कपाली निवासी रिजवान दिलसाद और सोनारी निवासी कृष्णा घायल हुए थे। घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी और हथियारों की बरामदगी के लिए कार्रवाई कर रही थी।

