सिंहभूम चैम्बर का प्रतिनिधिमंडल सिटी एसपी से मिला, लूटकांड व छिनतई की घटनाओं पर चर्चा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स का प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष विजय आनंद मूनका के नेतृत्व में सिटी एसपी कुमार शिवाशीष से मिला और शहर की बढ़ती चेन स्नेचिंग, चोरी, छिनतई व लूट की घटनाओं पर चिंता जताई। प्रतिनिधिमंडल ने सोनारी के वर्द्धमान ज्वेलर्स लूटकांड व बिष्टुपुर में व्यापारी साकेत आगीवाल से 30 लाख की छिनतई का मुद्दा उठाया।
चैम्बर ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने, शेष 19 लाख की बरामदगी और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही व्यापारियों से सीसीटीवी लगाने और सतर्क रहने की अपील की।
सिटी एसपी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पुलिस अपराधियों पर सख्त कार्रवाई कर रही है और शहर की कानून व्यवस्था मजबूत की जाएगी।

