पोटका में कृषि मेला, किसानों को मिला कृषि यंत्र, नौ को केसीसी ऋण
*हेमंत सरकार किसानों को आधुनिक खेती से जोड़कर कर रही है सशक्त*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के परियोजना निदेशक आत्मा, पूर्वी सिंहभूम की ओर से सोमवार को प्रखंड मुख्यालय में प्रखंड स्तरीय कृषि मेला सह प्रदर्शनी आयोजित की गई। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आयोजित मेले में विभिन्न गांवों के सैकड़ों किसानों ने कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई। उद्घाटन पोटका विधायक संजीव सरदार ने फीता काटकर किया। उत्कृष्ट उत्पादन करने वाले किसानों को कृषि यंत्र एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं नौ किसानों को सात लाख रुपये का केसीसी ऋण और 25 किसानों को मृदा जांच प्रमाण पत्र दिए गए।
*किसान ही अन्नदाता, कृषि में भविष्य की अपार संभावनाएं : संजीव सरदार*
किसानों को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि किसान अन्नदाता हैं और उनकी मेहनत से ही सभी का भोजन संभव है। बढ़ती जनसंख्या और सीमित रोजगार अवसरों के बीच कृषि क्षेत्र में भविष्य की अपार संभावनाएं हैं। युवाओं को आधुनिक कृषि एवं इससे जुड़ी गतिविधियों को रोजगार के रूप में अपनाना चाहिए। उन्होंने किसानों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर खेती को आगे बढ़ाने की अपील की।
*हेमंत सोरेन सरकार कृषि को बढ़ावा देने के लिए चला रही कई योजनाएं – संजीव सरदार*
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, कृषि उत्पादन बढ़ाने और आधुनिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए कई योजनाएं चला रही है। किसानों को इन योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाना चाहिए।
*25 एकड़ में संचालित कृषक पाठशाला का लाभ उठाएं किसान – विधायक*
विधायक ने सोहदा पंचायत के बालीजुड़ी में 25 एकड़ में संचालित कृषक पाठशाला का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां किसानों को नई तकनीकों और वैज्ञानिक पद्धति से खेती का प्रशिक्षण दिया जाता है। उन्होंने किसानों से इसका लाभ उठाने की अपील की।
*जैविक खाद के उपयोग पर दिया जोर*
विधायक ने रासायनिक खाद पर निर्भरता कम कर जैविक खाद के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जैविक तरीके से उत्पादित कृषि उपज का महत्व बढ़ रहा है। उनके अनुसार, जैविक खाद के उपयोग में लातेहार जिला राज्य में प्रथम स्थान पर है। किसानों को भी टिकाऊ और लाभकारी खेती के लिए इस दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
*श्रेष्ठ कृषि उत्पादक किसानों को कृषि यंत्र और प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित*
मेले में बेहतर उत्पादन करने वाले किसानों को विधायक ने कृषि यंत्र एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इनमें गेंदे के फूल उत्पादन के लिए कंचन मंडल एवं चंदन मंडल तथा अमरूद उत्पादन के लिए दुलाल महाकुड़ एवं लोसो हेंब्रम शामिल रहे।
प्रदर्शनी में लौकी, कोहड़ा, गन्ना, पपीता, धान, फूलगोभी, बंदगोभी, बैंगन, टमाटर, गाजर, मूली, मिर्च, ओल और मशरूम समेत कई उत्पाद प्रदर्शित किए गए। शिमला मिर्च उत्पादन के साथ मुर्गी एवं बतख पालन से जुड़े उत्पादकों ने भी अपनी उपलब्धियां प्रस्तुत कीं।
*कृषि विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान रहे मौजूद*
कार्यक्रम में सुधीर सोरेन, बीपीएम कौशल झा, बीएओ देवेंद्र महतो, आनंद दास, एटीएम फुलेश्वर महतो एवं प्रतिमा महतो, भुवनेश्वर सरदार, बीरेन पात्र, हितेश भगत, जनसेवक सुखदेव हेंब्रम, कौशिक डे, कृषक मित्र विश्वजीत गोप, संदीप पाटबांधा, परमेश्वर मुर्मू, प्रदीप मंडल, फलींद्र गोप, पियुष मंडल, शिव महाकुड़, दुलाल महाकुड़ और जमाल खान समेत बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

