अर्जुन मुंडा की मां के निधन पर भाजपा का कोल्हान सम्मेलन स्थगित
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चाईबासा
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा (92) के निधन पर भाजपा ने सोमवार को आयोजित राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह एवं कोल्हान प्रमंडल सम्मेलन स्थगित कर दिया। कार्यक्रम चाईबासा के एसोसिएशन मैदान में होना था।
भाजपा की पश्चिमी सिंहभूम जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू ने बयान जारी कर सायरा मुंडा के निधन पर गहरा शोक जताया। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पार्टी अर्जुन मुंडा और उनके परिवार के साथ खड़ी है। साथ ही पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां के पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं, आमंत्रित अतिथियों एवं आदिवासी समुदाय के लोगों से कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंचने की अपील की।
सायरा मुंडा का सोमवार सुबह जमशेदपुर के टाटा मोटर्स अस्पताल में निधन हो गया है। बालमुचू ने बताया कि सम्मेलन की अगली तारीख की घोषणा जल्द की जाएगी।

