26 वर्षों की सेवा का पड़ाव, उज्ज्वल मंडल ने किया 51वां रक्तदान
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
दक्षिण पोटका के सूंड़ी समाज उत्थान समिति के सचिव उज्ज्वल कुमार मंडल ने परसुडीह स्थित मंडल समिति में 51वीं बार रक्तदान कर मिसाल पेश की। इस उपलब्धि पर मंडल समिति और वॉलंटरी ब्लड डोनर संगठन की ओर से उन्हें पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
उज्ज्वल मंडल ने बताया कि 26 वर्ष पूर्व जमशेदपुर ब्लड बैंक के चिकित्सक डॉ. रामाकृष्णन, वॉलंटरी ब्लड डोनर संगठन के पूर्व महासचिव एसके सिंह और पोटका में रक्तदान शिविरों की शुरुआत करने वाले साहित्यकार सुनील कुमार दे से उन्हें प्रेरणा मिली थी।
उज्ज्वल ने बताया कि शुरुआत में रक्तदान को लेकर उन्हें विरोध और दुष्प्रचार का सामना करना पड़ा था। कुछ लोगों ने रक्त के व्यापार का आरोप लगाते हुए विवाद भी किया, लेकिन शिक्षक जयहरि सिंह मुंडा, शिवजन सरदार और बनमाली सरदार के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ था।
धीरे-धीरे उनके नेतृत्व में कोवाली, चाकड़ी तथा टांगराईन में रक्तदान शिविर आयोजित होने लगे। जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए वे भुवनेश्वर के हाईटेक अस्पताल और एम्स में भी कई बार रक्तदान कर चुके हैं। उन्होंने आगे भी यह सेवा जारी रखने का संकल्प जताया।

