पहले एफआईआर, फिर पोस्टमार्टम की मांग पर अड़े शैलेंद्र महतो, मेडिकल बोर्ड ने रोका पोस्टमार्टम
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। कुड़मी सेना के केंद्रीय अध्यक्ष शैलेंद्र महतो की मां भारती महतो की मौत के मामले में शुक्रवार को पोस्टमार्टम को लेकर विवाद गहरा गया। परिजनों की मांग पर एफआईआर दर्ज नहीं होने के कारण मेडिकल बोर्ड ने पोस्टमार्टम करने से इनकार कर दिया। एफएमटी विभाग के एचओडी डॉ. विभाकर कुमार ने बिष्टुपुर थाना प्रभारी निरंजन कुमार से एफआईआर नंबर मांगा, लेकिन पुलिस नंबर उपलब्ध नहीं करा सकी। इसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया रोक दी गई।
शैलेंद्र महतो की मांग थी कि टीएमएच प्रबंधन और जिम्मेदार चिकित्सकों के खिलाफ पहले एफआईआर दर्ज हो, उसके बाद ही पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम हाउस में थाना प्रभारी, मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों ने उन्हें मनाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस मामले में एफआईआर दर्ज करने से बच रही है और चेतावनी दी कि न्याय नहीं मिलने पर कुड़मी सेना सड़क पर उतरेगी।
गौरतलब है कि भारती महतो को 10 नवंबर को घुटनों के दर्द और पैर की उंगली में मामूली जख्म के इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया था। सात दिनों बाद 17 नवंबर को उनकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि इलाज में गंभीर लापरवाही बरती गई। उन्होंने सवाल उठाया कि सात दिनों तक डॉक्टरों की निगरानी में रहने के बावजूद संक्रमण की जानकारी पहले क्यों नहीं दी गई और ऑपरेशन की तैयारी के बाद अचानक मरीज को सीसीयू में क्यों भेजा गया। फिलहाल मौत के कारणों और इलाज में कथित लापरवाही को लेकर विवाद बना हुआ है।

