श्रद्धा और भक्ति के साथ हुआ भगवान सूर्य की प्रतिमा का विसर्जन, देव उठान अनुष्ठान संपन्न
राष्ट्र संवाद/खोदावंदपुर
प्रखंड की सीमावर्ती स्थित बूढ़ी गंडक तटबंध पर स्थापित श्री 108 देवदित्य सूर्य मंदिर, नरहन में शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भगवान सूर्य की प्रतिमा का विसर्जन किया गया. इसके साथ ही देवउठान के अवसर पर आयोजित धार्मिक अनुष्ठान का विधिवत समापन हो गया. इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा. बताया जाता है कि वर्ष 2003 में स्थापित इस प्रसिद्ध सूर्य मंदिर में प्रत्येक पूर्णिमा के अवसर पर नियमित रूप से पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाते हैं. पंडित पवन कुमार मिश्रा के द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा संपन्न कराई जाती है. इस धार्मिक आयोजन में उपासक धर्मा राय की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है. पूर्णिमा से शुरू होने वाली पूजा-अर्चना की परंपरा देवउठान तक चलती है. इसके बाद परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार भगवान सूर्य की प्रतिमा का विसर्जन किया जाता है. विसर्जन के अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य की आराधना कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की. आयोजन को सफल बनाने में श्री 108 देवदित्य सूर्य मंदिर की 50 सदस्यीय पूजा समिति के सदस्यों ने सराहनीय योगदान दिया. मंदिर समिति की ओर से आयोजन में सहयोग करने वाले श्रद्धालुओं, सहयोगकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया
. साथ ही धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में आपसी एकता, भाईचारे और सहयोग की भावना बनाए रखने की अपील की गई.

